मारुति सुजुकी और कोटक महिंद्रा बैंक ने मिलकर एक खास स्कीम शुरू की है। इस स्कीम से कार बायर्स को काफी फायदा मिलेगा। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब कार के ऑन रोड प्राइस पर ज्यादा लोन मिल सकेग। यानी ग्राहकों को अभी जो 20 फीसदी डाउन पेमेंट देना पड़ता है वह घटाकर 10 फीसदी कर दिया है। इस स्कीम में अगर आप कोटक महिंद्रा बैंक से लोन लेकर मारुति की गाड़ियां खरीदेंगे तो ऑनरोड प्राइस पर 90 फीसदी फाइनेंस होगा।

उदाहरण के तौर पर मान लीजिए किसी एंट्री लेवल कार की लागत ऑन रोड 4.5 लाख रुपए है। सामान्य तौर पर इसका 20 फीसदी डाउन पेमेंट करना पड़ता था जो अब घटाकर 10 फीसदी कर दिया है।

मारुति सुजुकी के डायरेक्टर (मार्केटिंग एंड सेल्स) शशांक श्रीवास्तव ने कहा, अभी यह पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर काम कर रहा है। यह पायलट प्रोजेक्ट 1 जनवरी से लेकर 31 मार्च तक चलेगा। मारुति इस स्कीम के लिए 4-5 बैंकों के साथ बातचीत कर रही है।

शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि इस कदम से ऑटो सेक्टर रिवाइव होगी। इससे ग्राहकों पर बोझ कम पड़ेगा और बिक्री बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि महंगी गाड़ियों में 20 फीसदी डाउन पेमेंट ज्यादा हो रहा था लिहाजा लोग हिचक रहे थे। अब डाउन पेमेंट कम होने से ग्राहकों का फायदा है। उन्होंने कहा, "इससे ऑन रोड प्राइस पर डाउन पेमेंट 5-10 फीसदी तक कम हो सकता है।"

मौजूदा फ्रेमवर्क में बैंक गाड़ियों के ऑन रोड प्राइस पर 80 फीसदी तक फाइनेंस मुहैया कराता है। बाकी की 20 फीसदी रकम ग्राहकों को देना पड़ता है। कार की कीमतें ज्यादा होने से यह रकम बड़ी होती है। लिहाजा अब डाउन पेमेंट घटने से ग्राहकों के लिए गाड़ी खरीदना आसान होगा।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।