एमएंडएम की आज जोरदार पिटाई हुई। क्रेडिट सुइस के रेटिंग डाउन ग्रेड करने से शेयर में भारी बिकवाली हुई। ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी की रेटिंग आउट परफॉर्म से घटाकर न्यूट्रल कर दी है। जबकि लक्ष्य 1400 से घटाकर 1310 रुपये कर दिया है। क्रेडिट सुइस ने मार्च तिमाही में कंपनी के मार्जिन में 1 फीसदी की गिरावट की आशंका जताई है। कंपनी के हरिद्वार प्लांट में एक्साइज ड्यूटी छूट खत्म होने से कंपनी को नुकसान होने के आसार हैं। 2005 में बने इस प्लांट के लिए 10 साल की एक्साइज छूट मिली थी।
जेएसपीएल अपने सब्सिडियरी जिंदल पावर में पूरा या कुछ हिस्सा बेच सकती है। कंपनी हिस्सेदारी बेचकर 2000 हजार करोड़ रुपये की रकम जुटाना चाहती है जिसमें 15000 करोड़ रुपये जिंदल पावर की हिस्सेदारी बेचकर मिल सकते हैं। इस रकम से कंपनी अपने स्टील कारोबार के कर्ज को कम करना चाहती है। जिंदल पावर फिलहाल 50 फीसदी कैपासिटी पर काम कर रही है।
जोजिला पास के लिए बोली रद्द होने के बाद आज आईआरबी इंफ्रा के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। श्रीनगर को लद्दाख से जोड़ने वाले जोजिला टनल बनाने के लिए कंपनी की बोली को पहले परिवहन मंत्रालय ने मंजूरी दी थी। जिसे अब रद्द कर दिया गया है। हालांकि, मंत्रालय ने बोली रद्द करने के लिए कोई कारण नहीं बताया है।
अशोका बिल्डकॉन का 3200 करोड़ रुपए का कर्ज रिफाइनेंस होगा। सूत्रों के मुताबिक कर्ज के रीफाइनेंस के लिए आईडीएफसी, एक्सिस बैंक, एसबीआई से बातचीत चल रही है। इसके अलावा रिफाइनेंस के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी से भी बातचीत चल रही है। कंपनी को जून तक कर्ज रिफाइनेंस होने की उम्मीद है।
तमिलनाडु में सुपर क्रिटिकल पावर प्रोजेक्ट का ऑर्डर मिलने के बाद बीएचईएल के शेयर में आज अच्छी तेजी देखी गई है। कंपनी को 1600 मेगावाट का सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट
बनाने का ऑर्डर मिला है जिसकी लागत 5600 करोड़ रुपये है।
टाटा स्टील को जमशेदपुर प्लांट में 1877 करोड़ रुपये के एक्सपेंशन के लिए पर्यावरण मंजूरी मिल गई है। विस्तार के लिए ये मंजूरी कड़ी शर्तो के साथ दी गई है जिनमें ग्रीन बेल्ट विकसित करने से लेकर सीएसआर पर प्रोजेक्ट लागत का 5 फीसदी हिस्सा खर्च करना शामिल है। इस विस्तार योजना के माध्यम से कंपनी प्लांट का उत्पादन 97 लाख टन से बढ़ाकर 1 करोड़ 10 लाख टन करना चाहती है। इस प्रोजेक्ट के लिए मौजूदा प्लांट से ही 700 हैक्टेयर से ज्यादा जमीन ली जाएगी।
आइनॉक्स विंड को मध्य प्रदेश में 20 मेगा वाट का पावर प्लांट लगाने का ऑर्डर मिला है। कंपनी को ये ऑर्डर पीटीसी इंडिया की सब्सिडियरी से मिला है। प्लांट मंदसौर में लगाया जाएगा।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।