IPO से पहले Swiggy की बढ़ी वैल्यूएशन, इस अमेरिकी निवेशक ने 12.7 अरब डॉलर आंकी वैल्यू

शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी कर रही ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) के लिए एक अच्छी खबर है। दिग्गज अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म, इनवेस्को (Invesco) ने इसकी वैल्यूएशन को 19 फीसदी बढ़ाकर 12.7 अरब डॉलर कर दिया है। इनवेस्को की ओर से अमेरिकी रेगुलेटर के पास जमा कराए गए दस्तावेजों से यह जानकारी मिली है

अपडेटेड Apr 09, 2024 पर 4:35 PM
Swiggy को FY24 के पहले 9 महीनों में 20.7 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ

शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी कर रही ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) के लिए एक अच्छी खबर है। दिग्गज अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म, इनवेस्को (Invesco) ने इसकी वैल्यूएशन को 19 फीसदी बढ़ाकर 12.7 अरब डॉलर कर दिया है। इनवेस्को की ओर से अमेरिकी रेगुलेटर के पास जमा कराए गए दस्तावेजों से यह जानकारी मिली है। इनवेस्को ने जनवरी 2022 में स्विगी में 10.7 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर निवेश किया था। स्विगी ने उस वक्त इस वैल्यूएशन पर करीब 70 करोड़ डॉलर की रकम जुटाई थी।

इसके साथ ही यह लगातार तीसरा मौका है, जब इनवेस्को ने स्विगी के वैल्यूएशन में इजाफा किया है। इसके पहले इसने कई दौर की कटौती के बाद अक्टूबर 2023 में स्विगी का वैल्यूएशन बढ़ाकर 8.3 अरब आंका था। इसके बाद स्विगी की निवेशकों में से एक बैरन कैपिटल मार्च 2024 के अंत में इसकी फेयर वैल्यू 12.2 अरब डॉलर आंकी थी, जिससे IPO लाने की तैयारी में जुटी कंपनी को काफी राहत मिली थी।

लगातार इजाफे के चलते स्विगी की वैल्यूएशन अब उसकी सबसे बड़ी प्रतिद्वंदी जोमैटो (Zomato) के वैल्यूएशन पास पहुंच गई है। जोमैटो के शेयरों ने आज 9 अप्रैल को कारोबार के दौरान बीएसई पर 195.40 रुपये का अपना नया उच्चतम स्तर छुआ। क्विक कॉमर्स बिजनेस में सफलता का जोमैटो को काफी लाभ हुआ है और इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन अब 20 अरब डॉलर के पार हो गया है।


यह सबकुछ ऐसे समय में हो रहा है, जब Swiggy करीब 1 अरब डॉलर का भारी भरमक इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। रॉयटर्स ने पिछले महीने आंतरिक डॉक्यूमेंट्स का हवाला देते हुए बताया कि स्विगी को वित्त वर्ष 2024 के पहले 9 महीनों में 20.7 करोड़ डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा है।

डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 के पहले 9 महीनों में स्विगी का रेवेन्यू 1.02 अरब डॉलर रहा था, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1.05 अरब डॉलर था।

स्विगी के ग्रुप सीईओ श्रीहर्ष मजेटी ने इससे पहले मनीकंट्रोल को बताया था कि IPO लाने की तैयारी चल रही है। स्विगी इस साल के अंत तक खुद को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराना चाहती है। इसके लिए इनवेस्टमेंट बैंकरों से लेकर बोर्ड के सदस्यों त के नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है।

यह भी पढ़ें- Aditya Vision Shares: जीएसटी अधिकारियों के छापे के बाद 4% टूटा शेयर, 7 वेयरहाउस जब्त, 3 स्टोर्स भी हुए बंद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।