Tata Comm Q4:चौथी तिमाही में सालाना आधार पर टाटा कम्युनिकेशंस का प्रदर्शन खराब रहा। इस अवधि में सालाना आधार पर कंपनी का मार्जिन 4 फीसदी गिरा है। हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी का प्रदर्शन ठीक- ठाक रहा है। तिमाही आधार पर कंपनी की बिक्री 8 फीसदी बढ़ी है और ये 5633 करोड़ रुपए से बढ़कर 5692 करोड़ रुपए पर आ गई है। मुनाफा भी 45 करोड़ से बढ़कर 322 करोड़ रुपए पर आ गया है। एकमुश्त कॉस्ट और टैक्स खर्च घटने से तिमाही आधार पर फायदा हुआ है। चौथी तिमाही में कंपनी की एकमुश्त कॉस्ट घटकर 52.1 करोड़ रुपए पर रही है। यह लागत तीसरी तमाही में 185.5 करोड़ रुपए रही थी।
सालाना आधार पर खराब रहा प्रदर्शन
सालाना आधार पर देखें तो वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में टाटा कम्युनिकेशंस का मुनाफा 1.5 फीसदी घटकर 321.2 करोड़ रुपए पर रहा है। ये वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में 326 करोड़ रुपए पर रहा था। इस अवधि में कंपनी की आय सालाना आधार पर 24.6 फीसदी बढ़कर 5,691.7 करोड़ रुपए पर रही है। ये वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में 4,568.7 करोड़ रुपए पर रही थी।
चौथी तिमाही में कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 2.1 फीसदी बढ़कर 1,056.3 करोड़ रुपए पर रहा है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,034.3 करोड़ रुपए रहा था। वहीं, EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 22.6 फीसदी से घटकर 18.6 फीसदी पर रहा है।
तिमाही आधार पर कंपनी का प्रदर्शन ठीक- ठाक रहा
तिमाही आधार पर नतीजों पर नजर डालें तो चौथी तिमाही में टाटा कम्युनिकेशंस की बिक्री तीसरी तिमाही के 5633 करोड़ रुपए से बढ़कर 5692 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, EBITDA तीसरी तिमाही के 1134 करोड़ रुपए से घटकर 1056 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, मार्जिन तीसरी तिमाही के 20 फीसदी से घटकर 19 फीसदी पर रहा है। हालांकि चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा तीसरी तिमाही के 45 करोड़ रुपए से बढ़कर 322 करोड़ रुपए पर आ गया है।
कंपनी के बोर्ड ने 26 नवंबर, 2024 से 13 अप्रैल, 2026 तक के दूसरे कार्यकाल के लिए प्रबंध निदेशक और सीईओ ए एस लक्ष्मीनारायणन की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।