Tata Projects: 2 साल बाद मुनाफे में लौटी टाटा ग्रुप की यह कंपनी, IPO लाने के प्लान पर बातचीत शुरू

टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा प्रोजेक्ट्स (Tata Projects) वित्त वर्ष 2024 के दौरान घाटे से मुनाफे में आई। इसके बाद अब कंपनी ने अपने इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) की संभावना को लेकर ग्रुप के भीतर चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि कंपनी की योजना इस IPO से पहले अपने मुनाफे को टिकाऊ बनाने और कारोबार को विस्तार देने पर फोकस करने की है

अपडेटेड Jul 11, 2024 पर 5:16 PM
टाटा प्रोजेक्ट्स ने वित्त वर्ष 2024 में 145.48 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया

टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा प्रोजेक्ट्स (Tata Projects) वित्त वर्ष 2024 के दौरान घाटे से मुनाफे में आई। इसके बाद अब कंपनी ने अपने इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) की संभावना को लेकर ग्रुप के भीतर चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि कंपनी की योजना इस IPO से पहले अपने मुनाफे को टिकाऊ बनाने और कारोबार को विस्तार देने पर फोकस करने की है। टाटा प्रोजेक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ विनायक पई ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी।

टाटा ग्रुप की अबतक अधिकतर कंपनियों के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को निवेशकों ने हाथोंहाथ लिया है। टाटा ग्रुप का पिछला आईपीओ 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज का आया था और निवेशकों ने इसे खूब पसंद किया था। यह 2023 का सबसे चर्चित आईपीओ थी। इसके पीछे एक वजह यह भी थी कि 19 साल बादा टाटा ग्रुप की किसी कंपनी का इनीशियल पब्लिक ऑफर आया था।

पई ने मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में कहा, "हम इस पर (IPO पर) चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, आईपीओ पर पूरी तरह विचार करने से पहले हमें अगले कुछ सालों तक अपने वित्तीय प्रदर्शन को स्थिर और मजबूत बनाए रखना होगा।" कोरोना महामारी की आपदा के चलते कंस्ट्रक्शन और इंजीनियिंग इंडस्ट्रीज बुरी तरह प्रभावित हुई थी, जिसके चलते प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी हो हई और मजदूरों का भी पलायन हुआ।


पई ने कहा, "हमें कुछ सरकारी परियोजनाओं को पूरा करने में भी देरी का सामना करना पड़ा, जहां आपको चरणों में पेमेंट्स मिलता है और हम नकदी की समस्या का भी सामना कर रहे थे।"

टाटा प्रोजेक्ट्स ने वित्त वर्ष 2021 में 103.65 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। हालांकि इसके बाद लगातार दो साल- वित्त वर्ष 2022 और 2023 में कंपनी घाटे में चली गई। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी वापस मुनाफे में लौटी और इसने 145.48 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया।

पई ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ये चुनौतियां अब बीते समय की बात हो गई हैं। कंपनी ने पिछली पांच तिमाहियों से लगातार मुनाफा दर्ज किया है और अपने ऑपरेटिंग मार्जिन में भी सुधार किया है।

पई ने कहा, "अब हमारे पास प्राइवेट सेक्टर के ऑर्डर्स का एक मजबूत पोर्टफोलियो है, जहां हम एक वाजिब रिस्क-रिवॉर्ड सिस्टम में कॉन्ट्रैक्ट्स की शर्तों पर बातचीत कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, "सरकारी और प्राइवेट सेक्टर दोनों में संतुलन बनाने से हमें स्थिरता पाने में मदद मिली है और चरणों में मिलने वाले पेमेंट्स के भुगतान पर बहुत अधिक निर्भर नहीं रहना पड़ा है।"

यह भी पढ़ें- Yes Bank Shares: यस बैंक के शेयरों में 7% की तूफानी तेजी, मूडीज ने कहा- "बैंक की बदल रही है किस्मत"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।