एक ताइवानी शिपिंग कंपनी कर्मचारियों को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन बोनस देकर एक शानदार वर्ष मना रही है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक एवरग्रीन मरीन कॉर्प (Evergreen Marine Corp.) ने साल के अंत में 50 महीने के वेतन के बराबर रकम अपने कर्मचारियों की दी है। इसको दूसरी तरफ से देखें तो करीब चार साल से अधिक का वेतन कंपनी ने अपने कर्मचारियों को बोनस के रूप में दिया है। इस मामले से वाकिफ एक शख्स ने ब्लूमबर्ग को बताया कि बोनस का आकार कर्मचारी के जॉब ग्रेड और फंक्शन पर निर्भर करता है। सूत्र ने बताया कि बड़े पैमाने पर दिया जाने वाला बोनस केवल ताइवान स्थित कॉन्ट्रैक्ट्स पर लागू होते हैं।
एवरग्रीन मरीन का नाम 2021 में उस समय इंटरनेट पर छा गया था जब उसका संचालित एक जहाज स्वेज नहर (Suez Canal) में फंस गया। सुपर टैंकर 'एवर गिवेन' (‘Ever Given’) बालू के तूफान के दौरान नहर के आर-पार तिरछा हो गया। जिससे लगभग एक सप्ताह तक स्वेज नहर से होनेवाला व्यापार प्रवाह बाधित रहा था।
लेकिन एवरग्रीन मरीन को पिछले दो वर्षों में महामारी-युग के शिपिंग बूम से लाभ हुआ है। फर्म को 2022 में $20.7 अरब रेवन्यू कमाने की उम्मीद है। जो कि इसकी 2020 की बिक्री का लगभग तीन गुना है।
ताइपे के इकोनॉमिक डेली न्यूज (Taipei's Economic Daily News) ने बताया कि उसके ताइवान स्थित कुछ कर्मचारियों को 31 दिसंबर को बोनस के रूप में $65,000 से अधिक प्राप्त हुए।
इतने बड़े बोनस से शंघाई (Shanghai) में एवरग्रीन मरीन स्टाफ खफा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार शंघाई स्थित कर्मचारियों को उनके मासिक वेतन का केवल पांच से आठ गुना अधिक बोनस मिला। जिससे उनमें नाराजगी है।