किचनवेयर ब्रांड वंडरशेफ (Wonderchef Kitchenware) ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन (Kriti Sanon) को अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने की घोषणा की। किचन से जुड़े सामान बनाने वाली कंपनी को कोरोना महामारी के बीच बरतन और उपकरणों की मांग में वृद्धि को देखते हुए चालू वित्त वर्ष में 23 प्रतिशत अधिक यानी 400 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

वंडरशेफ मुख्य रूप से चुस्त- दुरुस्त युवाओं को ध्यान में रखते हुए अपने उत्पाद बनाती है। कंपनी बड़े पैमाने पर रसोई से जुड़े प्रीमियम उत्पादों का निर्माण करती है। कंपनी ने इसी कड़ी में कृति सेनन को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है।

वंडरशेफ के संस्थापक और मैनेजिंग डायरेक्टर रवि सक्सेना (Ravi Saxena) ने पीटीआई को बताया कि कोविड-19 से उत्पन्न कई बाधाओं ने बहुत से लोगों को अपने किचन में कदम रखने और खुद काम करने के लिए मजबूर किया है। इससे किचन में काम आने वाले वर्तन और सामग्री में भी बदलाव की आवश्यकता महसूस हुई।

थाईलैंड जाने का प्लान बना रहे पर्यटकों के लिए खुशखबरी! 1 अक्टूबर से जा सकेंगे टूरिस्ट

सक्सेना ने कहा कि मांग में वृद्धि की गति को देखते हुए हमें वित्त वर्ष 2019-20 के 325 करोड़ रुपये की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में 400 करोड़ रुपये के राजस्व को छूने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि महामारी के बाद अधिक से अधिक युवा किचन में काम कर रहे हैं, जिससे स्टाइलिश, आधुनिक, स्वस्थ और सुविधाजनक खाना पकाने के उपकरणों की मांग में वृद्धि हुई है। इससे वंडरशेफ को अगले पांच वर्षों में 1,000 करोड़ रुपये की कंपनी बनने में मदद मिलेगी।

सक्सेना ने कहा कि वंडरशेफ भारत में और विदेशों में 65 मैन्युफैक्चरर के जरिए अपने उत्पाद तैयार करती है। कंपनी अगले पांच साल में किचन साजोसामन के क्षेत्र में अपनी बाजार हिस्सेदारी को बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। फिलहाल कंपनी की बाजार हिस्सेदारी छह प्रतिशत पर है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.