बैंकों और वित्तीय संस्थाओं को बैड लोन्स से निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित नेशनल ऐसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (National Asset Reconstruction Company Limited- NARCL) यानी बैड बैंक (Bad Bank) को उसका पहला सीईओ मिल गया है। इस मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार ने पद्मकुमार मंगलम नायर (Padmakumar M Nair) को प्रस्तावित बैड बैंक का सीईओ नियुक्त किया है।

पद्मकुमार नायर अभी SBI के स्ट्रेस्ड ऐसेट्स के चीफ जनरल मैनेजर (CGM) का पदभार संभाल रहे हैं। पद्मकुमार पिछले कई वर्षं से इस पद पर काबिज हैं और उन्हें स्ट्रेस्ड ऐसेट्स के मैनेजमेंट का लंबा अनुभव है। SBI के एक पूर्व अधिकारी जिन्होंने पद्मकुमार नायर के साथ काम किया है, उन्होंने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि पद्मकुमार इस पद के लिए परफेक्ट च्वाइस हैं।

आपको बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए आम बजट पेश करते हुए एक ऐसेट मानेजमेंट कंपनी के रूप में बैड बैंक शुरू करने की घोषणा की थी, ताकि बैंकों को NPA से निजात मिल सके। Bad Bank बैंकों के डूबे कर्ज यानी NPA को एबजॉर्ब कर लेगी और उनका रेजोल्यूशन ज्यादा प्रोफेशनल तरीके से करने की कोशिश करेगी।

Bad Bank स्ट्रेस्ड ऐसेट्स को कम कीमत पर निवेशकों को बेचेगी और निवेशक कर्ज लेने वालों से इसकी वसूली करेंगे। आपको बता दें भारतीय बैंकों का NPA इनके द्वारा बांटे गए कुल कर्ज का करीब 8% है। वहीं, कोरोना वायरस महामारी के कारण बैंकों का NPA और बढ़ने की आशंका है। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।