Yograj Singh Viral Interview : युवराज सिंह को टीम इंडिया के सबसे बड़े मैच विनर के रूप में याद किया जाता है। अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से युवराज सिंह ने टीम इंडिया को एक नहीं बल्कि दो-दो वर्ल्ड कप जीताने में मदद की है। पहले टी20 वर्ल्ड कप में स्टूअर्ट ब्रॉड के 6 बॉल पर लगातार 6 छक्के मारना... आजतक कोई भी भारतीय फैन इसे नहीं भुल पाया होगा। खैर आज हम युवराज की चर्चा उनके क्रिकेट को लेकर नहीं बल्कि उनके पिता द्वारा दिए गए कुछ बयानों के कारण कर रहे हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने एक के बाद एक ऐसे बयान दिए, जिनपर काफी विवाद खड़ा हो गया। योगराज सिंह ने अपने इंटरव्यू में धोनी, कपिल देव, महिलाओं और हिंदी भाषा को लेकर ऐसे बयान दिए हैं, जिसने कई विवादों को जन्म दे दिया है।
यूट्यूबर समदीश भाटिया को दिए गए इंटरव्यू में योगराज सिंह ने तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखी। कुछ मुद्दों पर उन्होंने ऐसे बयान दिए जिनसे विवाद होना लाजमी था। फिलहाल सोशल मीडिया पर योगराज सिंह के बयानों के वीडियो वायरल हो रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि योगराज सिंह ने किन-किन मुद्दों पर क्या-क्या कहा है।
हिन्दी को बताया औरतों की भाषा
अनफिल्टर्ड पर समदीश भाटिया के साथ इंटरव्यू में योगराज सिंह ने कहा कि, "जब पुरुष हिंदी बोलते हैं, तो ऐसा लगता है, जैसे महिला बोल रही है?" योगराज ने कहा कि हिंदी भाषा कोई जान नहीं है और ऐसा लगता है जैसे कोई महिला बोल रही है। हिन्दी, जब महिला बोलती है तो ठीक लगता है लेकिन कोई मर्द बोलता है तो लगता है, क्या बोल रहा है? वहीं हिंदी की जगह योगराज सिंह ने पंजाबी भाषा को मर्दों की भाषा बताया। इंटरव्यू में योगराज यहीं नहीं रुके और हिंदी भाषा पर गलत तरह से एक्टिंग करने लगते हैं।
जब कपिल देव पर तान दी पिस्टल!
योगराज सिंह ने इंटरव्यू में कपिल देव को लेकर भी काफी कुछ कहा। उन्होंने कहा कि, 'जब कपिल देव भारत, नॉर्थ जोन और हरियाणा के कप्तान बने तो उन्होंने बिना किसी कारण मुझे टीम बाहर कर दिया। 'मेरी पत्नी चाहती थी कि मैं कपिल से सवाल पूछूं. मैंने कहा कि इस आदमी को सबक सिखाऊंगा। मैंने अपनी पिस्तौल निकाली और सेक्टर 9 में कपिल के घर गया। कपिल देव अपनी मां के साथ बाहर आए। मैंने एक दर्जन गालियां दी, उससे कहा कि तुम्हारी वजह से मैंने एक दोस्त खो दिया। उस पर ही मैंने तय किया मैं क्रिकेट नहीं खेलूंगा, मेरा बेटा क्रिकेट खेलेगा'
धोनी और युवराज के लिए कही ये बात
वहीं इंटरव्यू में योगराज सिंह ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर भी काफी बातें कहीं। योगराज सिंह ने कहा, 'मुझे धोनी बहुत प्रेरणादायी कप्तान लगते हैं, जो खिलाड़ियों को बता सकते हैं कि क्या करना है। धोनी के बारे में सबसे अच्छी बात यह थी कि वह विकेट को पढ़कर गेंदबाजों को बता सकते थे कि कहां गेंदबाजी करनी है। मुझे उनके बारे में जो बात पसंद आई, वह यह थी कि वह निडर थे। वहीं अपने बेटे के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि,'हमारे देश के लिए, अगर युवराज सिंह कैंसर से मर जाते और भारत को वर्ल्ड कप दिलाते, तो मैं एक गौरवान्वित पिता होता। मुझे आज भी उन पर बहुत गर्व है। मैंने उसे फोन पर भी यही बताया है। मैं चाहता था कि वह तब भी खेले, जब उसके मुंह से खून बह रहा हो। मैंने उससे कहा, 'चिंता मत करो, तुम नहीं मरोगे. भारत के लिए यह वर्ल्ड कप जीतो।'