वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम की आज शाम तक होगी घर वापसी, तूफान के कारण बारबडोस में बुरी तरह फंसे हैं खिलाड़ी

T20 World Cup 2024: एक सूत्र ने बताया कि भारतीय टीम के ब्रिजटाउन से मंगलवार शाम 6 बजे (स्थानीय समय) रवाना होने और बुधवार को शाम 7 बजकर 45 मिनट (भारतीय समयानुसार) पर दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों को बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। हालांकि, इसके कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है

अपडेटेड Jul 02, 2024 पर 2:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
T20 World Cup 2024 Final: प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्यों से फोन पर बात की

T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार (2 जुलाई) शाम को चार्टर प्लेन से स्वदेश रवाना होगी। टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार (3 जुलाई) शाम को घर लौट सकती है। बारबडोस की प्रधानमंत्री मिया मोटली ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एयरपोर्ट अगले 6 से 12 घंटों में चालू हो जाएगा जिसे कैटेगरी 4 के तूफान के कारण बंद किया गया था। चक्रवात बेरिल के कारण रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम, उसका सहयोगी स्टाफ, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के कुछ अधिकारी और खिलाड़ियों के परिवार तूफान बेरिल के कारण पिछले दो दिन से वहां फंसे हुए हैं। टीम ने 29 जून को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हराकर खिताब जीता।

एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि भारतीय टीम के ब्रिजटाउन से मंगलवार शाम 6 बजे (स्थानीय समय) रवाना होने और बुधवार को शाम 7 बजकर 45 मिनट (भारतीय समयानुसार) पर दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों को बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। हालांकि, इसके कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

पीएम ने दी अपडेट्स


राहत कार्यों पर नजर रख रहीं प्रधानमंत्री मोटली ने पीटीआई को बताया, "मैं इसके बारे में पहले से कुछ नहीं कहना चाहती। लेकिन मैं एयरपोर्ट के कर्मचारियों के संपर्क में हूं और वे अब अपनी अंतिम जांच कर रहे हैं और हम तत्काल सामान्य परिचालन फिर से शुरू करना चाहते हैं।"

उन्होंने कहा, "ऐसे कई लोग हैं जिन्हें कल देर रात या आज या कल सुबह निकलना था। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम उन लोगों की मदद कर सकें इसलिए मुझे उम्मीद है कि अगले छह से 12 घंटों के भीतर एयरपोर्ट खुल जाएगा।"

तूफान से भारी तबाही

सोमवार को बारबाडोस और आस-पास के द्वीपों में जानलेवा हवाए चली और तूफान आया। करीब 3 लाख की आबादी वाला यह देश रविवार शाम से लॉकडाउन का सामना कर रहा है। मोटली ने कहा, "(हम) यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि बारबाडोस में सभी सुरक्षित रहें, स्थानीय लोग और निश्चित रूप से क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए आए सभी मेहमान।"

उन्होंने कहा, "तूफान हमारे 80 मील दक्षिण में था जिसने तट पर नुकसान के स्तर को सीमित कर दिया। लेकिन जैसा कि आप देख सकते हैं कि हमारे तटों, बुनियादी ढांचे और तटीय संपत्तियों को बहुत नुकसान पहुंचा है।" प्रधानमंत्री ने कहा, "यह बहुत बुरा हो सकता था लेकिन अब समय आ गया है कि हम इससे उबरने और चीजों को ठीक करने पर ध्यान दें।"

ये भी पढ़ें- 'दो नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया': जय शाह ने बताया भारतीय क्रिकेट टीम को कब मिलेगा नया हेड कोच

ब्रिजटाउन छोड़ने का समय सीमित है क्योंकि मोटली ने खुलासा किया कि बुधवार को एक और तूफान आने वाला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रॉफी जीतने के बाद से अपने होटल में रहने वाली भारतीय टीम लॉकडाउन के बावजूद बहुत उत्साहित होगी क्योंकि उसने 11 साल के खिताब के सूखे को खत्म किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।