‘मैं भारतीय हूं इसलिए…’ ऑस्ट्रेलिया में हुआ सुनील गावस्कर का अपमान! क्रिकेटर ने जताई नाराजगी

सिडनी में टीम इंडिया ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल का टिकट भी गंवा दिया है। वहीं इस सीरीज के खत्म होने के साथ ऑस्ट्रेलिया में भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर को अपमान किया गया। इसके बाद गावस्कर ने नाराजगी जाहिर करते हुए बड़ी बात कह दी।

अपडेटेड Jan 05, 2025 पर 4:28 PM
Story continues below Advertisement
ऑस्ट्रेलिया में हुआ सुनील गावस्कर का अपमान!

IND vs AUS 5th Test Highlights​: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पांचवे टेस्ट मैच में टीम इंडिया को कंगारुओं के हाथों शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। सिडनी में पांचवें टेस्ट मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से मात दी। सिडनी टेस्ट हारने के साथ ही भारत का 2025 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में खेलने का सपना भी टूट गया। पांचवे टेस्ट में जीत के साथ ही इस बार ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं सीरीज के खत्म होने के साथ ही एक विवाद भी सामने आया है।

नाराज हुए सुनील गावस्कर

भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने टेस्ट सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी देने के लिए नहीं बुलाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। बता दें कि इस सीरीज का नाम गावस्कर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एलन बॉर्डर के नाम पर ही है। ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट दिग्गज एलेन बॉर्डर ने अपनी टीम को ट्रॉफी दी, लेकिन वहां मौजूद होने के बाद भी गावस्कर को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया। गावस्कर इससे नाराज हुए और उन्होंने कहा, "मुझे ट्रॉफी देने बुलाते तो मैं ऐसा करना पसंद करता। आखिरकार, यह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी है और यह ऑस्ट्रेलिया और भारत के बारे में है। मेरा मतलब है कि मैं मैदान पर मौजूद था। यह सिर्फ इसलिए कि मैं एक भारतीय हूं। मुझे अपने अच्छे दोस्त एलन बॉर्डर के साथ ट्रॉफी देते हुए खुशी होती।"


क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कही ये बात

वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने बाद में यह पुष्टि की कि गावस्कर को इस बात की जानकारी थी कि यदि भारत सिडनी टेस्ट जीतता और ट्रॉफी बरकरार रखता, तो उन्हें भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह को ट्रॉफी सौंपनी होती। CA के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, "हम मानते हैं कि यह बेहतर होता अगर एलेन बॉर्डर और सुनिल गावस्कर दोनों को मंच पर बुलाया जाता।"

इस सीरीज का अलग है क्रेज

बता दें कि 10 साल बाद भारत ने बॉर्डर गावस्कर की ट्रॉफी गंवा दी है। भारत को आखिरी बार 2014-15 की बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से हराया था। भारत ने 2018-19 और 2020-21 के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा था। वहीं बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के इतिहास के बारे में बात करें तो ये 1996-97 में शुरु हुई। शुरूआत में यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया के दबदबे में रही। हालांकि, पिछले दशक में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को इस ट्रॉफी पर अपना कब्जा नहीं जमाने दिया था। ये टेस्ट सीरीज अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी बन चुकी है, जिसे देखने के लिए रिकॉर्ड संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर पिछले हफ्ते 87 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा गया। MCG में पांच दिनों में कुल 3,73,691 दर्शक पहुंचे, जो 1937 के 3,50,534 के पिछले रिकॉर्ड से ज्यादा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।