Virat Kohli Vs Sam Konstas: भारतीय क्रिकेट सुपरस्टार विराट कोहली और ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज सैम कोंस्टास के बीच गुरुवार (26 दिसंबर) को तीखी नोकझोंक हो गई। कोंस्टास ने चल रहे बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया है। बॉडर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच फिलहाल मेलबर्न में चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इसी दौरान कोहली, सैम के साथ भिड़ गए। खबर है कि विराट कोहली पर इंटरनेशनल क्रिकट काउंसिल (ICC) की गाज गिर सकती हैं। कोहली पर मेलबर्न में शुरू हुए चौथे टेस्ट के पहले दिन सैम कोंस्टास को कंधा मारने के लिए संभावित एक टेस्ट का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। कोंस्टास उस वक्त नाराज हो गए जब कोहली ने पिच से हटकर चलते हुए उन्हें कंधा मारा।
इस घटना के बाद दोनों विरोधियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद उस्मान ख्वाजा और मैदान पर मौजूद माइकल गॉफ ने बीच-बचाव किया। मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने इस घटना पर कहा कि दोषी पक्ष को एक टेस्ट के बैन सहित अन्य प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है, अगर इसे लेवल टू का अपराध माना जाता है। टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सैम कोंस्टास ने सिर्फ 52 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया।
19 वर्ष के कोंस्टास ने 65 गेंद में 60 रन बनाकर साबित कर दिया कि उन्हें अंतिम एकादश में रखने का फैसला कितना सही था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। कोंस्टास ने अनुभवी उस्मान ख्वाजा (नाबाद 38) के साथ 89 रन की साझेदारी की। लंच के समय ख्वाजा के साथ मार्नस लाबुशेन 12 रन बनाकर खेल रहे थे।
खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायक कर्मियों के लिए ICC आचार संहिता के अनुसार, यह घटना कानून 2.12 के अंतर्गत आती है, जो "किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी सहायक कर्मियों, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति (दर्शक सहित) के साथ किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान अनुचित शारीरिक संपर्क" से संबंधित है। कानून के अनुसार, "क्रिकेट में किसी भी प्रकार का अनुचित शारीरिक संपर्क बैन है। अगर नियमों के खिलाफ पाए जाते हैं तो कोहली को सिडनी में होने वाले अगले टेस्ट के लिए निलंबित किया जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग को लगता है कि कोहली ने ही टकराव को बढ़ावा दिया था। चैनल 7 पर पोंटिंग ने कहा, "विराट ने एक पूरी पिच अपने दाईं ओर घुमाई और टकराव को बढ़ावा दिया। मेरे मन में इस बारे में कोई संदेह नहीं है।" जसप्रीत बुमराह ने दूसरे सत्र में उस्मान ख्वाजा का विकेट लिया। जबकि ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को चाय तक दो विकेट पर 176 रन बना लिए।
पहले सत्र में जहां ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए। वहीं, दूसरे सत्र में गति धीमी पड़ गई और कुल 64 रन ही बने। 57 वर्षीय ख्वाजा सीरीज में अपना पहला अर्धशतक जमाकर बुमराह की गेंद पर मिडविकेट में केएल राहुल को कैच दे बैठे। चाय के समय स्टीव स्मिथ 10 और मार्नस लाबुशेन 44 रन बनाकर खेल रहे थे।