मोहम्मद शमी ने IND vs BAN मैच में रचा इतिहास, ODI में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने

India vs Bangladesh Match: बांग्लादेश के खिलाफ ICC चैंपियंस ट्रॉफी मैच में गुरुवार (20 फरवरी) को भारत के लिए स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 53 रन देकर पांच विकेट झटके। साथ ही सबसे कम मैच में 200 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। शमी ने इतिहास रचते हुए भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर को पीछे छोड़ दिया

अपडेटेड Feb 20, 2025 पर 7:06 PM
India vs Bangladesh Match: मोहम्मद शमी ओवरऑल सबसे तेजी से 200 वनडे विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं

India vs Bangladesh Match News Update: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का दूसरा मैच भारत और बांग्लादेश के बीच आज यानी 20 फरवरी को दुबई में खेला जा रहा है। इस मैच में चोट से ठीक होकर क्रिकेट के मैदान पर लौटने के बाद भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मोहम्मद शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी मैच के दौरान सबसे कम मैच में 200 वनडे विकेट झटकने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए।

लंबे समय तक चोट से दूर रहने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए शमी ने अपने 104वें मैच में 53 रन देकर पांच विकेट चटकाए। मोहम्मद शमी ने इतिहास रचते हुए भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 133 मैच में यह मुकाम हासिल किया था। शमी का 200वां विकेट जाकिर अली थे जिन्होंने 68 रन बनाए।

शमी इस तरह ओवरऑल सबसे तेजी से 200 वनडे विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। उनसे आगे ऑस्ट्रेलियाई बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क हैं जिन्होंने 102 मैच में 200 विकेट झटके हैं। भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक शमी का वनडे फॉर्मेट में औसत 25 से कम है। वह पहले ही पांच बार पांच विकेट और 10 बार चार विकेट ले चुके हैं।


वनडे क्रिकेट में उन्होंने 5,126 गेंदों में अपने 200 विकेट पूरे किए हैं। 34 वर्षीय शमी वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने वाले आठवें भारतीय हैं। बांग्लादेश ने तौहिद हृदय (100 रन) के शतक और जाकिर अली (68 रन) के अर्धशतक तथा दोनों के बीच छठे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की बदौलत आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी मैच में भारत के खिलाफ 49.4 ओवर में 228 रन का स्कोर खड़ा किया।

हर्षित राणा ने तीन और अक्षर पटेल ने दो विकेट अपने नाम किए। हृदय और जाकिर ने बांग्लादेश को ऐसे समय में संभाला जब टीम 35 रन पर पांच विकेट गंवाकर जूझ रही थी। दोनों ने छठे विकेट के लिए 154 रन की भागीदारी निभाई जो इस विकेट के लिए किसी भी टीम द्वारा भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी है।

ये भी पढ़ें- India vs Bangladesh ICC Champions Trophy 2025 Match Live Score Update

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।