भारतीय क्रिकेट टीम का टी-20 विश्व कप जीतने के बाद जश्न शुरू हो गया है। साल 2024 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर टीम इंडिया ने 11 साल बाद कोई आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। रोहित एंड कंपनी बारबाडोस में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 चैंपियन बनी थी। अब टीम इंडिया वापस स्वदेश लौटने के बाद मुंबई में चमचमाती हुई ट्रॉफी के साथ खुली बस का दौरा करेगी। इसके लिए मुंबई पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। बता दें कि इससे पहले साल 2007 का टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद धोनी एंड कंपनी ने ऐसा किया था।
बता दें कि 16 साल पहले जब टीम इंडिया ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का पहला खिताब जीता था। उस वक़्त धोनी की टीम ने मुंबई में ट्रॉफी के साथ बस परेड की थी। साल 2007 का टी20 वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था। जहां भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
इस जीत के जश्न को और भी शानदार बनाने के लिए मुंबई में एक बड़ा जुलूस निकाला जाएगा। इसके लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से तैयार है। मुंबईकरों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने चैंपियन के रूट को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है। विजय जुलूस शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच मरीन ड्राइव पर नरीमन पॉइंट से वानखेड़े स्टेडियम के बीच निकाला जाएगा। भारी भीड़ को काबू में करने के लिए दक्षिण मुंबई की सात सड़कों को ट्रैफिक पुलिस बंद कर देगी। एनएस रोड (नॉर्थ बाउंड)- एनसीपीए से मेघदूत ब्रिज तक बंद रहेगा। इसके लिए यात्री रामनाथ पोद्दार चौक, महर्षि कारवे रोड, अहिलेबाई होलकर चौक, मरीन लाइन्स, चर्नी रोड, पंडित पलुस्कर चौक का इस्तेमाल कर सकते हैं।
अहिल्याबाई होलकर चौक से किलाचंद चौक तक रास्ता बंद रहेगा। इसी तरह वाईएए चौक से रतन लाल बाबूना चौक तक बंद रहेगा। हुतात्मा राजगुरु चौक से वेंउताई चव्हाण चौक तक रास्ता बंद रहेगा। वहीं साखर भवन जंक्शन से एनएस रोड तक का रास्ता बंद रहेगा। जमनालाल बजाज मार्ग से मुरली देवड़ा चौक और एनएस रोड तक का रास्ता बंद रहेगा।
विजय जुलूस के लिए निर्धारित रास्ते पर पार्किंग पर भी रोक लगा दी गई है। एनएस रोड, वीर नरीमन रोड, कामा रोड, फ्री प्रेस मार्ग, दीनशॉ वाचा रोड और महर्षि करवे रोड पर पूरे दिन पार्किंग पर पाबंदी रहेगी। विधान भवन सत्र चलने के कारण जमनालाल बजाज मार्ग को छोड़कर बैरिस्टर राजनी पटेल मार्ग,रामनाथ गोयनका मार्ग, विनाय के शाह रोड पर भी सुबह से रात तक पार्किंग पर रोक लगाई गई है।