India vs Australia 4th Test: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने गुरुवार (26 दिसंबर) को मेलबर्न में शुरू हुए चौथे टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई डेब्यू करने वाले सैम कोंस्टास को कंधा मारने के लिए भारतीय बल्लेबाजी के सुपरस्टार विराट कोहली को सजा सुनाई है। Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली पर गुरुवार सुबह MCG में सैम कोंस्टास को कंधा मारने के लिए मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें एक डिमेरिट अंक दिया गया है। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सैम कोंस्टास के बीच चौथे टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को मैदान पर झड़प हो गई।
आईसीसी की आचार संहिता के अनुसार क्रिकेट में किसी भी तरह का अनुचित शारीरिक संपर्क निषिद्ध है। अगर खिलाड़ी किसी दूसरे खिलाड़ी या अंपायर से टकराते हैं या कंधे लगाते हैं, चाहे जान बूझकर या अनजाने में तो इस नियम का उल्लंघन माना जाएगा। लेवल एक के अपराध में मैच फीस का जुर्माना होता है। लेवल दो के अपराध में तीन या चार डिमेरिट अंक हो सकते हैं। चार डिमेरिट अंक होने पर एक मैच का निलंबन लग जाता है।
ऑस्ट्रेलियाई पारी के 10वें ओवर के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे के सामने से गुजर रहे थे तब कोहली और कोंस्टास के कंधे टकरा गए। दोनों खिलाड़ियों ने पलटकर एक दूसरे को घूरकर देखा और कुछ बोले भी। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आकर दोनों को अलग किया। मैदानी अंपायरों ने भी दोनों से बात की।
कोंस्टास ने चैनल 7 से बाद में कहा, "मुझे लगता है कि हम दोनों पर जज्बात हावी हो गए थे। मुझे समझ में ही नहीं आया। मैं अपने दस्ताने पहन रहा था कि अचानक उनका कंधा मुझसे टकराया। क्रिकेट में यह सब होता रहता है।" कोंस्टास उस समय 27 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह को दो चौके और एक छक्का लगाया। वह अर्धशतक बनाने के बाद रविंद्र जडेजा की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।
पोंटिंग ने कोहली को ठहराया जिम्मेदार
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने इस घटना के लिये कोहली को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, "देखो कि विराट कहां से चलकर आया है। वह पूरी पिच पार करके आया और झड़प की शुरूआत की। मुझे इसमें कोई शक नहीं है।" उन्होंने कहा, "मुझे इसमें कोई शक नहीं कि अंपायर और मैच रैफरी इस घटना पर गौर करेंगे। उस समय फील्डर को बल्लेबाज के करीब नहीं होना चाहिए था।"
रिकी पोंटिंग ने कहा, "मुझे ऐसा लगा कि कोंस्टास ने काफी देर बाद ऊपर देखा। उसे पता भी नहीं चला कि कोई उसके सामने है। स्क्रीन पर दिख रहे उस व्यक्ति (कोहली) को जरूर कुछ सवालों के जवाब देने होंगे।"
बुमराह ने भारत को मैच में लौटाया
विषम परिस्थितियों में शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह ने भारत को मैच में लौटाया। जबकि ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सैम कोंस्टास के आक्रामक अर्धशतक समेत शीर्ष क्रम के मजबूत प्रदर्शन के दम पर चौथे टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को छह विकेट पर 311 रन बना लिए। कोंस्टास के 65 गेंद में 60 रन ने जहां एमसीजी पर जुटे 80000 से अधिक दर्शकों में जोश भर दिया तो बुमराह के 21 ओवर में 75 रन देकर तीन विकेट लेने के बाद दर्शक दीर्घा से 'बूम बूम बुमराह' का शोर भी सुनाई दिया।
लगातार दो शतक बनाकर इस टेस्ट में उतरे ट्रेविस हेड से बुमराह की गेंद को भांपने में गलती हुई और वह 67वें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे। अगले ओवर में बुमराह ने खराब फॉर्म से जूझ रहे मिचेल मार्श (चार) को आउट किया जबकि लंच के बाद उस्मान ख्वाजा (121 गेंद में 57 रन ) को पवेलियन भेजा था। पहले दो सत्र का खेल आस्ट्रेलिया के नाम रहा जिसके लिए ख्वाजा और कोंस्टास के अलावा मार्नस लाबुशन (145 गेंद में 72 रन ) और स्टीव स्मिथ (111 गेंद में नाबाद 68 रन ) ने अर्धशतक लगाए।