Get App

IND vs AUS: सैम कोंस्टास से भिड़ना विराट कोहली को पड़ा भारी, ICC ने दी बड़ी सजा

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलियाई पारी के 10वें ओवर के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे के सामने से गुजर रहे थे तब विराट कोहली और सैम कोंस्टास के कंधे टकरा गए। दोनों खिलाड़ियों ने पलटकर एक दूसरे को घूरकर देखा और कुछ बोले भी। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आकर दोनों को अलग किया

Akhileshअपडेटेड Dec 26, 2024 पर 1:50 PM
IND vs AUS: सैम कोंस्टास से भिड़ना विराट कोहली को पड़ा भारी, ICC ने दी बड़ी सजा
IND vs AUS: विराट कोहली मेलबर्न टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू कर रहे सैम कोंस्टास से भिड़ गए

India vs Australia 4th Test: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने गुरुवार (26 दिसंबर) को मेलबर्न में शुरू हुए चौथे टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई डेब्यू करने वाले सैम कोंस्टास को कंधा मारने के लिए भारतीय बल्लेबाजी के सुपरस्टार विराट कोहली को सजा सुनाई है। Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली पर गुरुवार सुबह MCG में सैम कोंस्टास को कंधा मारने के लिए मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें एक डिमेरिट अंक दिया गया है। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सैम कोंस्टास के बीच चौथे टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को मैदान पर झड़प हो गई।

आईसीसी की आचार संहिता के अनुसार क्रिकेट में किसी भी तरह का अनुचित शारीरिक संपर्क निषिद्ध है। अगर खिलाड़ी किसी दूसरे खिलाड़ी या अंपायर से टकराते हैं या कंधे लगाते हैं, चाहे जान बूझकर या अनजाने में तो इस नियम का उल्लंघन माना जाएगा। लेवल एक के अपराध में मैच फीस का जुर्माना होता है। लेवल दो के अपराध में तीन या चार डिमेरिट अंक हो सकते हैं। चार डिमेरिट अंक होने पर एक मैच का निलंबन लग जाता है।

ऑस्ट्रेलियाई पारी के 10वें ओवर के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे के सामने से गुजर रहे थे तब कोहली और कोंस्टास के कंधे टकरा गए। दोनों खिलाड़ियों ने पलटकर एक दूसरे को घूरकर देखा और कुछ बोले भी। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आकर दोनों को अलग किया। मैदानी अंपायरों ने भी दोनों से बात की।

कोंस्टास ने चैनल 7 से बाद में कहा, "मुझे लगता है कि हम दोनों पर जज्बात हावी हो गए थे। मुझे समझ में ही नहीं आया। मैं अपने दस्ताने पहन रहा था कि अचानक उनका कंधा मुझसे टकराया। क्रिकेट में यह सब होता रहता है।" कोंस्टास उस समय 27 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह को दो चौके और एक छक्का लगाया। वह अर्धशतक बनाने के बाद रविंद्र जडेजा की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें