Washington Sundar in IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वाशिंगटन सुंदर को शामिल किए जाने को भारत के महान क्रिकेटर और पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने "प्रेरित चयन" करार दिया। इससे पहले पूर्व दिग्गज ने मैच की शुरुआत में कहा था कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारत ने घबराहट में कुलदीप यादव की जगह वाशिंगटन सुंदर को शामिल किया होगा। टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। उन्होंने मोहम्मद सिराज और लोकेश राहुल की जगह क्रमशः आकाश दीप और शुभमन गिल टीम में शामिल करने के साथ कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव की जगह वाशिंगटन को मौका दिया है।
टॉस के समय भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने घोषणा की थी कि पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण दूसरे टेस्ट के लिए कुलदीप यादव की जगह वाशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया है। सुंदर को शामिल किए जाने को लेकर काफी चर्चा हुई। लेकिन उन्होंने सात विकेट लेकर और क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके अपने आलोचकों को गलत साबित कर दिया।
मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर ने कहा, "यह कितना प्रेरणादायक चयन है। उसे इलेवन में इसलिए चुना गया, क्योंकि वह थोड़ी बल्लेबाजी और थोड़ी गेंदबाजी कर सकता है।" पूर्व भारतीय कप्तान के शब्द उसी दिन आए जब उन्होंने पहले सुंदर को शामिल किए जाने की आलोचना करते हुए कहा था कि उनकी जगह कुलदीप यादव को खिलाया जाना चाहिए था। जैसे ही गावस्कर ने यह कहा कैमरा टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर पर चला गया, जो सहायक कोच रेयान टेन डोएशेट के साथ बातचीत करते नजर आए।
सुंदर ने सात में से पांच विकेट ऑफ स्टंप की लाइन का शानदार इस्तेमाल कर झटके। उन्होंने इस दौरान रविंद्र, टॉम ब्लंडेल (3), सेंटनर, टिम साउदी (5) और अजाज पटेल (4) को बोल्ड किया। उनका सबसे बड़ा विकेट हालांकि रविंद्र का था जिन्होंने शुरुआती टेस्ट में न्यूजीलैंड की आठ विकेट की जीत में 134 और नाबाद 39 रन की यादगार पारी खेली थी।
गावस्कर ने गुरुवार (24 अक्टूबर) को पुणे में टॉस के बाद कहा, "यह भारतीय टीम का घबराहट भरा फैसला लगता है। आप अक्सर टीम में तीन बदलाव नहीं करते हैं।" पिछले सप्ताह पहला टेस्ट आठ विकेट से हारने के बाद भारत तीन मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे है। बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में रोहित शर्मा की टीम 46 रन पर आउट हो गई थी।
गावस्कर ने कहा, "जब तक चोट की चिंता न हो, मैं बहुत सी टीमों को तीन बदलाव करते नहीं देखता। वॉशिंगटन सुंदर को शामिल करने से पता चलता है कि वे अपनी बल्लेबाजी को लेकर चिंतित हैं। उनकी गेंदबाजी से ज्यादा, उन्हें निचले क्रम में उनकी बल्लेबाजी की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "हां, न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी इकाई में बाएं हाथ के बल्लेबाजों के बारे में काफी चर्चा हो रही है। लेकिन मैं कुलदीप यादव को चुनूंगा, क्योंकि उनकी गेंद वामहस्त बल्लेबाजों के लिए बाहर की तरफ निकलती है।"
सुंदर ने 7 विकेट लेकर वापसी को बनाया यादगार
हरफनमौला वाशिंगटन सुंदर (59 रन पर 7 विकेट) की शानदार ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भारत ने तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती टेस्ट में न्यूजीलैंड की पहली पारी को 259 रन पर समेट दिा। दिन का खेल समाप्त होने पर शुभमन गिल नाबाद 10 और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल नाबाद छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। टीम साउथी ने अपने दूसरे ओवर में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को खाता खोले बगैर बोल्ड किया।
कुलदीप यादव की जगह टीम में जगह बनाने वाले सुंदर ने लगभग ढाई साल के बाद टेस्ट टीम में वापसी पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले उनके नाम चार टेस्ट में 6 विकेट थे। भारत के लिए अनुभवी रविचंद्रन अश्विन ने 64 रन देकर तीन विकेट लिए। भारतीय सरजमीं पर यह पहली बार है जब किसी टेस्ट मैच में सभी 10 विकेट दाएं हाथ के ऑफ स्पिनरों ने झटके हो।
कुलदीप की जगह टीम में शामिल करने के फैसले को सही साबित करते हुए सुंदर ने अपने 14वें ओवर में पिछले मैच के शतकवीर रविंद्र को आउट कर पहली सफलता हासिल करने के बाद अपने छोर से विकेट चटकाना जारी रखा। दिन की शुरुआत में जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप ने भारतीय गेंदबाजी की शुरुआत की। हालांकि, इस पिच से तेज गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिली।