डेनमार्क ने Astrazeneca Vaccine के इस्तेमाल पर लगाई पूर्ण पाबंदी, जानिये वजह

ऐसी पाबंदी लगाने वाला डेनमार्क यूरोप का पहला देश भी बन गया है

अपडेटेड Apr 15, 2021 पर 4:41 PM
Story continues below Advertisement

डेनमार्क ने कोरोना वायरस के बढ़ते खतरों के बीच ऑक्सफर्ड-एस्ट्राजेनेका की कोविड वैक्सीन पर पूर्ण पाबंदी लगा दी है। ऐसी पाबंदी लगाने वाला डेनमार्क यूरोप का पहला देश भी बन गया है। डेनमार्क ने बुधवार को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका टीका का उपयोग फिर से शुरू नहीं करने का फैसला किया। डेनमार्क ने कुछ लोगों में रक्त के थक्के बनने की खबरों के बीच पिछले महीने इस टीके के उपयोग को स्थगित कर दिया था। लेकिन अब इस वैक्सीन के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

डेनमार्क के पहले वैक्सीन दिए जाने के बाद खून के थक्के जमने के संदेह में कई यूरोपीय देश इसे कुछ समय के लिए बंद कर चुके हैं, हालांकि उन देशों में अभी ये वैक्सीन लगाई जा रही है। एस्ट्राजेनेका ने ब्रिटेन स्थित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर इस कोरोना टीके को बनाया है। भारत और अन्य देशों के लिए सीरम इंस्टिट्यूट इस टीके का उत्पादन कर रहा है।

डेनमार्क के स्वास्थ्य प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि एस्ट्राजेनेका के कोरोना टीके में कुछ दुर्लभ लेकिन गंभीर साइड इफेक्ट देखने को मिले थे, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूरोपियन संघ (EU) का मेडिसन वॉचडॉग अब तक इस टीके के इस्तेमाल के समर्थन में रहा है। ऐसे में यूरोपियन देश होने के बावजूद डेनमार्क का एस्ट्राजेनेका के कोरोना टीके पर पाबंदी लगाना बड़ी बात माना जा रहा है।

डेनमार्क ने यह पाबंदी वैक्सीन दिए जाने के बाद कुछ लोगों के शरीर में खून के थक्के जमने के बाद लगाई है। हालांकि, विशेषज्ञों का दावा है कि ऐसी घटनाएं काफी दुर्लभ हैं। बताया जा रहा है कि इस कदम से डेनमार्क में जारी वैक्सीनेशन प्रोग्राम को तगड़ा झटका लग सकता है। इस समय डेनमार्क में एस्ट्राजेनेका की 24 लाख कोविड वैक्सीन कई सेंटर्स पर मौजूद हैं, जिन्हें अब वापस मंगाया जा रहा है। एक अनुमान के मुताबिक डेनमार्क में 40000 लोगों में से दो लोगों के शरीर में वैक्सीनेशन के बाद खून के थक्के जमने के मामले आ रहे हैं।  

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।