अमेरिकी फार्मा कंपनी मॉडर्ना (Moderna) ने अपनी कोरोना वायरस वैक्सीन को प्रभावी बताया है। कंपनी ने कहा है कि यह 12 वर्ष तक की कम आयु वाले बच्चों की भी इस बीमारी से सुरक्षा करती है। अमेरिका में बच्चों के लिए यह इस बीमारी के खिलाफ वैक्सीन का दूसरा विकल्प बन सकता है।
कंपनी ने कहा कि 12-17 वर्ष की आयु के किशोरों में वैक्सीन ने कोई नए या बड़े दुष्प्रभाव नहीं दिखाए हैं।
दुनिया भर में कोरोना वायरस की वैक्सीन की सप्लाई अभी भी कम है। अधिकतर देश इस महामारी पर नियंत्रण करने की कोशिश में व्यस्कों को भी वैक्सीन लगाने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
अमेरिका ने इस महीने की शुरुआत में फाइजर और BioNTech की ओर से डिवेलप की गई एक अन्य वैक्सीन को 12 वर्ष और इससे अधिक आयु वाले बच्चों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी। इस वैक्सीन को अनुमति देने के लिए रेगुलेटर्स ने एक महीने तक समीक्षा की थी।
अगर मॉडर्ना के साथ भी ऐसा ही किया जाता है तो कंपनी की वैक्सीन जुलाई में लॉन्च हो सकती है। मॉडर्ना की वैक्सीन को अभी 18 और इससे अधिक आयु वाले लोगों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति है।
मॉडर्ना ने इस वैक्सीन का ट्रायल 12-17 वर्ष की आयु वाले 3,700 से अधिक लोगों पर किया है। इसके शुरुआती निष्कर्षों में बच्चों और किशोरों में व्यस्कों के समान ही इम्युनिटी के संकेत मिले हैं।