26 साल बाद फिर हाहाकार! AI Stocks की फिसलन, Dot Com Crash से कितना अलग?

Dot Com Crash vs AI Stocks Crash: करीब 26 साल पहले इंटरनेट बूम के दौरान डॉट कॉम क्रैश ने निवेशकों को हिला दिया था। अब फिर एनवीडिया (Nvidia) और इंटेल (Intel) जैसे एआई स्टॉक्स की तेज गिरावट ने साल 2020 के क्रैश को चर्चा में ला दिया। ऐसे में मुख्य सवाल ये है कि क्या चिप शेयरों में मौजूदा बिकवाली डॉट कॉम क्रैश जैसी ही स्थिति है, या फिर यह एक बिल्कुल अलग तरह का करेक्शन है

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 2:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Dot Com Crash vs AI Stocks Crash: चिप शेयरों में आई तेज गिरावट ने निवेशकों को साल 2000 के डॉट कॉम क्रैश की याद दिला दी है।

Dot Com Crash vs AI Stocks Crash: चिप शेयरों में आई तेज गिरावट ने निवेशकों को साल 2000 के डॉट कॉम क्रैश की याद दिला दी है। उस समय इंटरनेट कंपनियों को लेकर मार्केट में जबरदस्त क्रेज था, तो आज बाजार की उम्मीदें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर टिकी हैं। दोनों दौर में टेक्नोलॉजी के भविष्य को लेकर बड़े निवेश हुए, लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि क्या AI से जुड़े शेयरों में भी वैसी ही गिरावट देखने को मिल सकती है। इंटेल (Intel) अपने रिकॉर्ड हाई से 64% और एनवीडिया (Nvidia) 48% नीचे आ चुका है तो करीब 26 साल पहले इंटेल करीब 60% और एनवीडिया 63% गिरा था। इन आंकड़ों ने दोनों दौर के बीच समानताओं पर चर्चा तेज कर दी है।

Dot-Com Era और AI Boom में क्या है समानता?

करीब 26 साल पहले वर्ष 2000 के आसपास निवेशक इंटरनेट के बढ़ते दायरे पर दांव लगा रहे थे। कंपनियां फाइबर-ऑप्टिक नेटवर्क बनाने में भारी पैसा लगा रही थीं। अब आज एआई की बढ़ती मांग की उम्मीद पर डेटा सेंटर और एडवांस्ड चिप्स में बड़े निवेश किए जा रहे हैं।


दोनों दौर में कंपनियां पहले इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही हैं और उम्मीद कर रही हैं कि इससे होने वाली कमाई बाद में आएगी। फाइनेंसिंग मॉडल में भी समानता दिख रही है। डॉट कॉम के दौर में इक्विपमेंट्स बनाने वाली कंपनियां अपने ग्राहकों को क्रेडिट देती थीं। मौजूदा एआई दौर में एनवीडिया ने अपने ग्राहकों में निवेश किया है और डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स की फंडिंग में भी सपोर्ट किया है।

क्या है फर्क?

ऐसा नहीं है कि 26 साल में कुछ नहीं बदला है। डॉट कॉम बूम और एआई के मौजूदा दौर में बड़ा अंतर भी है। आज एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के सबसे बड़े खरीदार वे स्टार्टअप नहीं हैं, जो भारी पैसे खर्च कर रहे हैं, बल्कि ये बड़ी और मुनाफे वाली कंपनियां हैं जिनके पास काफी कैश फ्लो है। इससे ये मार्केट में उठा-पटक के दौरान भी निवेश जारी रख सकती हैं।

एनवीडिया और इंटेल बुरी तरह टूटे हैं लेकिन टेक शेयरों की फिसलन हर जगह एक जैसी नहीं है। एपल अपने रिकॉर्ड हाई लेवल से सिर्फ 5% नीचे है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट में 13% और एमेजॉन में 14% की गिरावट आई है।वहीं डॉट-कॉम क्रैश के दौरान इन कंपनियों के शेयरों में लगभग 60-80% तक की भारी गिरावट आई थी।

एआई स्टॉक्स में और गिरावट का खतरा?

एनवीडिया इस समय लीडरशिप की चुनौतियों से जूझ रही है तो साथ ही निवेशकों की नजर इस बात पर भी है कि क्या यह मौजूदा निवेश रणनीति को जारी रखेगी। अगर फंडिंग सपोर्ट कम होता है या ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहती हैं, तो एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा चिप स्टॉक्स में पहले ही काफी गिरावट आ चुकी है, लेकिन कमाई की उम्मीदें अभी भी बहुत ज्यादा हो सकती हैं तो ऐसे में अगर मांग अनुमान के मुताबिक नहीं रही है, तो इनमें और गिरावट आ सकती है।

साल 2000 के क्रैश से यह बात निकलकर सामने आई कि किसी तकनीक की सफलता का मतलब यह नहीं है कि उसमें निवेश करने वाले निवेशकों को अपने आप मुनाफा मिल ही जाएगा, भले ही उस तकनीक को लेकर बाजार में बूम यानी भारी तेजी क्यों न हो। सीएनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक एआई के इस दौर में निवेशकों को कर्ज के लेवल और कैश फ्लो के साथ-साथ निवेश को पेमेंट करने वाले ग्राहकों और टिकाऊ रेवेन्यू में बदलने की क्षमता पर नजर रखनी चाहिए।

Nvidia News: टॉप की कंपनी अब चौथे स्थान पर, 18 साल में सबसे तेज वीकली स्पीड से फिसले शेयर

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।