Stomach Bloating: क्या आपको आपका पेट गुब्बारे जैसा फूला हुआ महसूस होता है? पेट का फूला हुआ और टाइट महसूस होना, जिसे पेट फूलना (bloating) कहते हैं, कई लोगों के लिए एक आम समस्या है। हालांकि यह शायद ही कभी गंभीर होता है, पर यह आपको परेशानी में जरूर डाल सकता है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको कोई कड़ी डाइट या महंगे सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं है। बस कुछ स्मार्ट, नेचुरल लाइफस्टाइल बदलावों से आप पेट फूलने की समस्या को कम कर सकते हैं और हर दिन अपने पेट को हल्का और संतुलित महसूस कर सकते हैं।
पेट फूलने के कारण और समाधान
पेट फूलने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे गैस का ज्यादा बनना, शरीर में पानी का जमा होना, या खाने की आदतें जो आपके पाचन तंत्र के अनुकूल नहीं हैं। मैक्स अस्पताल, गुरुग्राम की सलाहकार, क्लिनिकल और फंक्शनल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. मंजरी चंद्रा कहती हैं, 'ज्यादातर लोगों को यह नहीं पता होता कि जल्दबाजी में खाना या फिजी ड्रिंक्स जैसी छोटी-छोटी चीजें भी आंतों के काम को बिगाड़ सकती हैं।' उनका मानना है कि 'इसका समाधान अक्सर बड़े-बड़े डिटॉक्स की बजाय रोजमर्रा के छोटे-छोटे बदलावों में छिपा होता है। ये बदलाव न केवल लक्षणों को कम करते हैं, बल्कि आपके पेट के स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाते हैं।'
पेट फूलने से बचने के 8 आसान तरीके
पेट फूलने से बचने के लिए अपने पसंदीदा भोजन छोड़ने या केवल ग्रीन जूस पर रहने की जरूरत नहीं है। यह उन सहायक आदतों को बनाने के बारे में है जो आपके पाचन तंत्र के प्राकृतिक कामकाज के साथ तालमेल बिठाती हैं। डॉ. चंद्रा पेट फूलने से बचने के 8 आसान लाइफस्टाइल बदलाव साझा करती हैं:
माइंडफुल होकर खाएं: धीरे-धीरे चबाने और खाते समय बात न करने से हवा निगलना कम होता है। जल्दबाजी न करें, पाचन मुंह से ही शुरू होता है।
नियमित भोजन का समय तय करें: बेतरतीब समय पर खाने से आपके पाचन तंत्र की लय बिगड़ जाती है। डॉ. चंद्रा कहती हैं, 'हमारी आंत को कंटिन्यूटी पसंद है।' रोजाना एक ही समय पर भोजन करने की कोशिश करें।
फाइबर का सही चुनाव करें: धीरे-धीरे फलों, सब्जियों और साबुत अनाज के साथ फाइबर बढ़ाएं, और हमेशा इसे पानी के साथ लें। बहुत ज्यादा फाइबर बहुत जल्दी लेने से उल्टा असर हो सकता है।
खाने के बाद थोड़ा चलें: खाने के बाद थोड़ी देर टहलने से गैस को आपके सिस्टम से बाहर निकलने में मदद मिलती है। डॉ. चंद्रा कहती हैं, 'यहां तक कि 10 मिनट की हल्की-फुल्की हलचल भी खाने के बाद की भारीपन को कम कर सकती है।'
फिजी ड्रिंक्स को ना कहें: कार्बोनेटेड पेय आपके पेट में गैस फंसा सकते हैं। इसके बजाय सादा पानी या हर्बल चाय चुनें।
नमकीन स्नैक्स कम करें: प्रोसेस्ड फूड जिनमें सोडियम अधिक होता है, आपके शरीर को पानी रोकने पर मजबूर करते हैं। जब भी संभव हो, ताजा, कम प्रोसेस्ड भोजन चुनें।
अपनी ट्रिगर्स को पहचानें: पैटर्न पर ध्यान देने के लिए एक फूड जर्नल बनाए। कुछ लोग डेयरी, ग्लूटेन या मिठास के प्रति संवेदनशील होते हैं। अपने व्यक्तिगत ट्रिगर्स की पहचान करना और उनसे बचना महत्वपूर्ण है।