कैंसर दुनिया की सबसे तकलीफदेह बीमारियों में से एक है, जिसकी पहचान समय पर हो पाना, इलाज मिल पाना या इससे बचाव कर पाना कई बार बहुत मुश्किल होता है। कंटेंट क्रिएटर और कैंसर से जूझ चुकीं सुज़ाना डेमोर ने इस बारे में जागरूकता फैलाने की पहल की है। सुजाना को तब कैंसर का पता चला जब वह प्रेग्नेंट थीं। इसके बाद उन्होंने अपने घर में इस्तेमाल होने वाली उन चीज़ों की एक लिस्ट बनाई, जिनका अब वह कभी इस्तेमाल नहीं करेंगी।
Cancer को मात देने वाली महिला ने बताया अपना अनुभव
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में बताया, “सच कहूं तो, 35 साल की उम्र में जब मैं गर्भवती थी और मुझे कैंसर का पता चला, तो मेरी आंखें खुल गईं। तब मुझे समझ आया कि हम रोज़ाना कितनी जहरीली चीज़ों के संपर्क में आते हैं। तनाव और हमारे आसपास का माहौल हमारे स्वास्थ्य को कितनी गहराई से प्रभावित करता है। इसी वजह से मैंने ऐसे कई प्रोडक्ट्स को बदल दिया, जो मेरे या मेरे परिवार के लिए सही नहीं थे।”
सुजाना ने बताया कि ये बदलाव बहुत ही आसान और असरदार हैं। इनसे शरीर पर पड़ने वाला ज़हरीला बोझ कम करने में काफी मदद मिलती है। उनका मानना है कि ऐसे छोटे-छोटे बदलाव हमारी सेहत को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम हो सकते हैं। सुजाना के मुताबिक, अगर आप सच में अपनी सेहत को सबसे ज़रूरी मानते हैं और अपने शरीर में फिर से अच्छा और हल्का महसूस करना चाहते हैं, तो अब वक्त है छोटे लेकिन असरदार बदलाव करने का।
वहीं इसपर हैदराबाद के ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल्स में क्रिटिकल केयर विभाग के प्रमुख और सलाहकार डॉ. मनेंद्र का कहना है कि, जब किसी को कम उम्र में कैंसर का पता चलता है, तो वह अपनी जीवनशैली पर दोबारा सोचने लगता है। डॉ. मनेंद्र ने बताया, "हालांकि हमारे स्वास्थ्य पर असर डालने वाले कई पर्यावरण और जीवनशैली से जुड़े कारण होते हैं, लेकिन अब लोग इस बात को लेकर जागरूक हो रहे हैं कि रोज़ाना इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स में मौजूद जहरीले रसायनों का लंबे समय तक संपर्क हमारे शरीर पर बुरा असर डाल सकता है।"
पारंपरिक डिओडोरेंट्स में आमतौर पर एल्युमीनियम और कृत्रिम खुशबू वाले रसायन होते हैं। डॉ. मनेंद्र के मुताबिक, "ऐसे कई शोध चल रहे हैं जो यह जांच रहे हैं कि एल्युमीनियम हार्मोन के असंतुलन में क्या भूमिका निभा सकता है और इसका स्तन कैंसर से कोई संबंध है या नहीं।"
डॉ. मनेंद्र के मुताबिक, पारंपरिक सफाई प्रोडक्ट्स में अक्सर फथलेट्स, वीओसी (यानि वाष्पशील कार्बनिक तत्व) और कृत्रिम खुशबू वाले रसायन होते हैं, जिनमें से कुछ को कैंसर की वजह बनने वाले रसायनों की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने बताया, "ये रसायन कपड़ों में या घर की हवा में लंबे समय तक बने रह सकते हैं, जिससे सांस की जलन और भविष्य में सेहत को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है।"