दिवाली के बाद अचानक मौसम में हुए बदलाव के चलते शाम और सुबह के वक्त तापमान में गिरावट देखी जा रही है। जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी कई सारी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ेगा। खासकर ऐसे मौसम में डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में उन्हें ठंड में सबसे ज्यादा अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना पड़ता है। डॉक्टरों की मानें तो सर्दियों में रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी काफी कमजोर हो जाती है, जिस कारण डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के मरीज को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डॉक्टर बताते हैं कि इस मौसम में डायबिटीज के मरीजों का ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है।
