
कैंसर की बीमारी बहुत सी वजहों से हो सकती है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि लगभग एक-तिहाई कैंसर बीमारी को ठीक तरह की जीवनशैली अपनाकर रोका जा सकता है। डॉ. सादविक रघुराम एक जाने-माने ऑन्कोलॉजिस्ट हैं उन्होंने बताया कि कुछ सरल बदलाव आपकी सेहत में बड़ा फर्क ला सकते हैं और साथ ही कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
वे कहते हैं कि हमें रोजमर्रा की आदतों में बदलाव करके अपने शरीर को अधिक स्वस्थ और मजबूत बनाना चाहिए, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। डॉ. रघुराम के अनुसार, जितना हम अपने खान-पान, व्यायाम और नींद को सुधारेंगे, उतना ही हमारा शरीर मजबूत होगा और कैंसर का जोखिम कम होगा।
सबसे पहले उन्होंने प्रोसेस्ड यानी रेडीमेड खाने से बचने पर जोर दिया। प्रोसेस्ड मीट और खाद्य पदार्थों को कम करना महत्वपूर्ण है, जबकि ताजा हरी सब्जियों और फलों को अपनी डाइट में बढ़ावा देना चाहिए। इस तरह से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं जो कैंसर से लड़ने में मदद करते हैं।
दूसरी महत्वपूर्ण बात है सनस्क्रीन का उपयोग। यह सिर्फ गर्मी या धूप में ही नहीं बल्कि बादल वाले दिन या घर के अंदर भी त्वचा की सुरक्षा के लिए जरूरी है। सनस्क्रीन लगाने से त्वचा पर यूवी किरणों का प्रकोप कम होता है, जिससे स्किन कैंसर के खतरे को घटाया जा सकता है।
तीसरी सलाह है रोजाना कम से कम 30 मिनट फिजिकल एक्टिविटी जैसे तेज चलना, योग या डांस करना। नियमित व्यायाम शरीर को तंदरुस्त रखने के साथ-साथ इम्युनिटी बढ़ाने में भी मदद करता है, जो कैंसर जैसी बीमारियों से लड़ने के लिए जरूरी है।
चौथे नंबर पर डॉक्टर ने लगातार लंबे समय तक बैठे रहने से बचने को कहा। शरीर को लगातार मूव करना जरूरी है ताकि रक्त संचार ठीक रहे और मांसपेशियां कमजोर न पड़ें। ऑफिस में काम करते वक्त बीच-बीच में उठकर थोड़ी पैदल चलना या स्ट्रेचिंग करना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।
अंत में, नींद की अहमियत पर ध्यान दिया। रोजाना 7-8 घंटे अच्छी नींद लेने से तनाव कम होता है, शरीर में सूजन घटती है और आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है। अच्छी नींद से न केवल आपकी मानसिक सेहत अच्छी रहती है बल्कि आपका शरीर भी स्वस्थ रहता है।
इस तरह के छोटे-छोटे कदम अपनाकर आप न केवल कैंसर का खतरा कम कर सकते हैं बल्कि स्वस्थ और लंबा जीवन भी जी सकते हैं। इसलिए अपने रोजमर्रा के जीवन में ये आदतें शामिल करना बेहद जरूरी है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।