आमतौर पर हर किसी को मीठा खाना पसंद रहता है, लेकिन ज्यादा मीठा खाना सेहत के लिए बेहद हानिकारक है। वैसे हमारे खानपान में सुबह की चीनी या कॉफी से लेकर दही तक चीनी शामिल रहती है। इससे कई बीमारियों के शिकार हो सकते हैं। नमक हो या चीनी दोनों की ही ज्यादा मात्रा सेहत की बैंड बजा देती है। यह कई गंभीर बीमारियों को दावत देती है। कुछ लोगों को मीठा खाना बेहद पसंद होता है। यहां तक कि खाने के बाद अगर वह मीठा न खाएं तो उनका मन नहीं भरता। लेकिन अगर आपको भी ज्यादा मीठा खाने के आदत है तो समय रहते सावधान हो जाइए।
ज्यादा चीनी के सेवन से बार-बार थकान, वजन बढ़ना, डायबिटीज और हार्ट से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा ज्यादा चीनी का सेवन करने से मुंह में हानिकारक बैक्टीरिया को बढ़ावा मिलता है। जिससे दांतों की समस्याएं बढ़ सकती है। आजकल की लाइफ स्टाइल में चीनी का सेवन बढ़ गया है। खाद्य पदार्थ, शुगर ड्रिंक्स स्नैक्स के सेवन में भी हम चीनी खा रहे हैं। कोल्ड ड्रिंक्स, चॉकलेट, आइसक्रीम समेत अधिकतर फूड्स और ड्रिंक्स में एडेड शुगर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization -WHO) के मुताबिक, रोजाना एडेड शुगर कुल ऊर्जा के 10 फीसदी से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अगर आप इसमें चीनी का सेवन 5 फीसदी तक या इससे कम करते हैं तो यह सेहत के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि कई लोग इस गाइडलाइंस से ज्यादा मात्रा में चीनी खा सकते हैं। कुछ आहार ऐसे हैं, जिनमें कैलोरी के रूप में चीनी 25 फीसदी तक शामिल होती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो शुगर कई तरह की होती है और अलग-अलग फूड्स से मिलती है। फलों और दूध में नेचुरल शुगर होती है। जबकि जंक फूड्स और मिठाइयों में चीनी को अलग से मिलाते हैं। फूड्स की प्रोसेसिंग के दौरान मिलाई जाने वाली शुगर को एडेड शुगर कहा जाता है।
एडेड शुगर से छुटकारा पाने के लिए करें ये उपाय
मीठे सोडा और एनर्जी ड्रिंक्स अगर आप पीते हैं तो इससे दूरी बना लें। इसकी जगह ताजगी देने वाले विकल्प जैसे कि खट्टे स्लाइस वाला पानी या बिना मीठा मिलाए हर्बल चाय का सेवन करें। इसमें एडेड शुगर नहीं रहती है। इससे बिना ब्लड शुगर बढ़े आपका शरीर हाइड्रेट रहेगा।
जब भी मीठा खाने का मन करें तो साबुत फलों का सेवन करना चाहिए। इसमें जामुन, संतरा जैसे तमाम फल शामिल हैं। इनमें फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसमें विटामिन और नेचुरल शुगर भी पाई जाती है।
कोई भी सामान खरीदने से पहले उसे चेक करें
खरीदारी करते समय कोई भी न खरीद लें। बल्कि उसकी जांच पड़ताल करें। उसमें दिए गए लेबल को को पढ़ें। एडेड शुगर वाले प्रोडक्ट बहुत कम खरीदें। बिना चीनी या फ्री शुगर वाली चीजों को खरीदने की कोशिश करें।
घर के भोजन को दें प्राथमिकता
ज्यादा से ज्यादा घर का बनाया हुआ भोजन करें। इसमें हमेशा ताजी सामग्री का इस्तेमाल करें। इससे प चीनी के सेवन को कंट्रोल कर सकते हैं। ऐसे में आप किसी चीज को बनाने में कितनी चीनी मिला रहे हैं, इस बारे में नजर बनी रहेगी। बाहर के खाद्य पदार्थों में कितनी चीनी की मात्रा मिलाई गई है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं रहती है। लिहाजा आप इससे बच सकते हैं।