Tirupati Temple Stampede: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर में 8 जनवरी को भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। खबरों के मुताबिक, भगदड़ वैकुंठ द्वार दर्शन टिकट वितरण केंद्र के पास मची, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक की पहचान मलिका के रूप में हुई है। कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को श्री वेंकटेश्वर रामनारायण रुइया सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया या है। 8 जनवरी की सुबह से करीब 4000 श्रद्धालु तिरुपति में विभिन्न टिकट केंद्रों पर वैकुंड द्वार दर्शन टिकट के लिए कतार में खड़े थे। यह घटना तब हुई जब श्रद्धालुओं को बैरागी पट्टी पार्क में टोकन वितरण के लिए कतार में लगने की अनुमति दी गई।
टीटीडी की ओर से व्यवस्थित सभी कतारें तिरुपति बालाजी के भक्तों से भरी हुई थीं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों से भी भक्त बड़ी संख्या में काउंटरों पर पहुंचे। विष्णु धाम के काउंटर पर अचानक मारपीट हुई। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसमें एक महिला श्रद्धालु की जान चली गई। वहीं कुछ और लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
9 जनवरी को सुबह 5 बजे इन केंद्रों पर भक्तों को 10, 11 और 12 तारीख के लिए 1.20 लाख टोकन आवंटित किए जाएंगे। टीटीडी ने कहा कि अन्य दिनों में टोकन जारी किए जाएंगे। भक्त बुधवार शाम से ही काउंटरों पर भीड़ लगाने लगे। क्योंकि गुरुवार सुबह से द्वार दर्शन टोकन जारी किए जाने थे।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वह इससे बेहद दुखी हैं और उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए उचित राहत उपाय सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा, 'मुख्यमंत्री ने घायलों को दिए जा रहे इलाज को लेकर अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने उच्च अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि घायलों को बेहतर इलाज मिल सके।