गोवा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में एक बार फिर ऑक्सीजन की कमी के कारण शनिवार को आठ और लोगों की जान चली गई। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत से अब तक राज्य के प्रमुख सरकारी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के कारण मरने वालों की कुल संख्या अब 83 हो गई है। इनमें से ज्यादातर मौतें देर रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुईं।
हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने मौतों का कारण ऑक्सीजन संकट को नहीं बताया है। उनका कहना है कि अधिकांश मरीजों की मृत्यु कोरोना के कारण हुए निमोनिया (Covid pneumonia) से हुई है। गोवा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एसएम बांडेकर के अनुसार इन मौतों का कारण सीधे तौर पर ऑक्सीजन सप्लाई में बाधा नहीं हो सकता, बल्कि अधिकांश मरीजों की मौत निमोनिया से हुई है। इसके इलाज में ऑक्सीजन की जरूरत होती है।
न्यूज 18 के मुताबिक, लेकिन नर्स और मरीजों के परिजनों ने जानकारी दी है कि पूरी रात ऑक्सीजन की उपलब्धता में अस्थिरता देखने को मिली थी। अस्पताल की ओर से तैयार ऑक्सीजन के सेंट्रल पाइपलाइन के लॉग से यह पता चला है कि अस्पताल के 13 वॉर्ड में ऑक्सीजन की कमी हुई थी। सबसे लंबे अंतराल के लिए ऑक्सीजन की कमी वॉर्ड 149 में हुई थी। वहां यह 90 मिनट तक रही थी।
गोवा के इस इस अस्पताल में बीते कुछ दिनों ऑक्सीजन की कमी के कारण कई मरीजों की जान जा चुकी है। ऑक्सीजन की सप्लाई रुकने के कारण गोवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पांच दिनों में मरने वालों की संख्या अब 83 हो गई है। इस अस्पताल में मंगलवार को 26, बुधवार को 21, गुरुवार को 15, शुक्रवार को 13, और अब शनिवार को 8 मरीजों की जान चली गई है। कोरोना वार्ड में हुई इस मौत के कारण अस्पताल की फजीहत हो रही है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
