IMD Alert: दिल्ली में 30 मई तक नहीं चलेगी लू, 2-3 दिनों तक होगी हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के क्षेत्रों सहित उत्तर-पश्चिम भारत में रुक-रुककर बारिश होने का पूर्वानुमान है। सोमवार और मंगलवार को दिल्ली के कई हिस्सों में लू चली। कई मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया

अपडेटेड May 26, 2023 पर 11:39 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Rains: मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में राजधानी में इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है

IMD Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई और धूल भरी तेज हवाएं चलीं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के अनुसार, पालम वेधशाला ने हवा की गति 58 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई। इस बीच, मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में राजधानी में इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में 30 मई तक लू चलने का अनुमान नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के क्षेत्रों सहित उत्तर-पश्चिम भारत में रुक-रुककर बारिश होने का पूर्वानुमान है। सोमवार और मंगलवार को दिल्ली के कई हिस्सों में लू चली। कई मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया।

IMD अधिकारियों ने कहा कि लू के चलते मंगलवार को दिल्ली में बिजली की मांग बढ़कर 6,916 मेगावाट हो गई, जो इस मौसम में अब तक सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि पिछली गर्मियों में शहर में बिजली की मांग 7,695 मेगावाट दर्ज की गई थी। जबकि इस साल यह 8,100 मेगावाट तक पहुंच सकती है।


ये भी पढ़ें- नए संसद भवन के उद्घाटन के मौके पर जारी होगा 75 रुपये का स्पेशल सिक्का, पीएम मोदी करेंगे लॉन्च

बता दें कि गुरुवार शाम को हुई हल्की बारिश ने दिल्‍ली-NCR वासियों को बड़ी राहत दे दी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में भी बारिश की बूंदों ने मौसम को खुशनुमा कर दिया। गुरुवार दोपहर तक तेज धूप और बादलों की आवाजाही के बीच लोग परेशान थे। वहीं, उमस ने भी लोगों की घबराहट बढ़ा दी थी। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में पहले ही बता दिया था कि दिल्‍ली और उसके आसपास तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

IMD के मुताबिक, दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और धूलभरी आंधी चलने की आशंका है। इसके अलावा सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, तटीय आंध्रप्रदेश, केरल, आंतरिक तमिलनाडु और दक्षिण कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की बारिश की आशंका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।