IPL 2020 (Indian Premier League) का आगाज होने में बेहद कम वक्त बचा है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को एक के बाद एक बड़े झटके लगने लग रहे हैं। सुरेश रैना ( Suresh Raina) के बाद अब CSK (Chennai Super Kings) के सीनियर खिलाड़ी हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने भी IPL 2020 से अपना नाम वापस ले लिया है। इस स्टार स्पिनर ने निजी कारणों का हवाला देते हुए IPL 2020 से हटने का फैसला किया है। IPL का सत्र 19 सितंबर से शुरू होगा। हरभजन सिंह ने शुक्रवार को टीम को अपने इस फैसले की जानकारी दी है और निजी कारणों का IPL से हटने का कारण बताया है।
बता दें कि इससे पहले सुरेश रैना निजी कारणों का हवाला देते हुए भारत लौट चुके हैं। हरभजन टीम के साथ संयुक्त अरब अमीरात (UAE) नहीं गए थे। इस बार IPL कोरोना महामारी के कारण UAE में 19 सितंबर से 10 नवंबर तक होना है। सभी 8 टीमों के बीच 60 मुकाबले तीन स्टेडियम दुबई, शारजाह और अबु धाबी में होंगे। टूर्नामेंट बायो-सिक्योर माहौल में खेला जाएगा। सिंह पिछले दो सत्र से CSK का हिस्सा रहे हैं। वह अभी अपने परिवार के साथ पंजाब के जालंधर में है। उन्होंने इस मामले पर उनकी निजता का सम्मान करने की मांग की है।
हरभजन ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी PTI से कहा कि मैंने CSK मैनेजमेंट को इस साल IPL से हटने के अपने फैसले के बारे में सूचित कर दिया है। मैंने इस मुश्किल समय में व्यक्तिगत कारणों से ब्रेक लेने का फैसला किया है। मुझे उम्मीद है कि हर कोई मेरी निजता का सम्मान करेगा। हरभजन 150 विकेट के साथ IPL के इतिहास में सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। इससे पहले, CSK के ही हरफनमौला सुरेश रैना ने भी व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते IPLके आगामी सत्र से हटने का फैसला किया था।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
