एयर इंडिया (Air India) पर एक बार फिर एविएशन रेगुलेटर की तरफ से तगड़ा जुर्माना ठोका गया है। एयरलाइन पर इस बार ये जुर्माना पेरिस-नई दिल्ली फ्लाइट (Paris New Delhi Flight) में एक यात्री के गलत बर्ताव की जानकारी DGCA को न देने के लिए लगाया गया है। PTI के मुताबिक DGCA ने पिछले साल पेरिस-नई दिल्ली फ्लाइट के दौरान एक यात्री के गलत बर्ताव की घटना की जानकारी नहीं देने के लिए एयर इंडिया पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
रेगुलेटर ने 24 जनवरी को एक रिपोर्ट में कहा, "DGCA को घटना की जानकारी नहीं देने और मामले को उसकी इंटरनल कमेटी को भेजने में देरी करने के लिए एयर इंडिया पर 10 लाख रुपए के वित्तीय दंड के रूप में प्रवर्तन कार्रवाई की गई है।"
इससे पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 10 जनवरी को पेरिस-दिल्ली फ्लाइट में गलत बर्ताव कर रहे यात्रियों को संभालने के लिए प्रक्रियाओं का सही से पालन नहीं करने के लिए एयर इंडिया को एक और कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
दरअसल ये घटना 9 दिसंबर 2022 को हुई थी। जब नशे में धुत एक यात्री ने महिला यात्री के कंबल और उसके बराबर वाली खाली सीट पर कथित तौर पर पेशाब कर (Pee Case) दिया था। ये घटना तब हुई थी, जब महिला वॉशरूम गई थी।2
कारण बताओ नोटिस में DGCA ने कहा था कि 6 दिसंबर, 2022 को पेरिस से नई दिल्ली के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-142) में दो घटनाएं हुई थीं।
रेगुलेटर ने कहा कि एक यात्री शौचालय में धूम्रपान करते हुए पकड़ा गया था, नशे में था और चालक दल की बात नहीं सुन रहा था। जबकि दूसरे यात्री ने कथित तौर पर एक खाली सीट पर और एक महिला के कंबल पर पेशाब कर दिया था।
हालांकि, विमान के पायलट ने मामले की जानकारी इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी थी, जिसके बाद पुरुष यात्री को पकड़ लिया गया था।