Dry Day in Delhi: दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने राजधानी में 4 दिन का ड्राई डे घोषित किया है। दिल्ली सरकार के एक बयान में कहा गया है कि 31 सितंबर को समाप्त होने वाली चालू तिमाही के दौरान स्वतंत्रता दिवस सहित चार दिन दिल्ली में शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। जन्माष्टमी, मुहर्रम, स्वतंत्रता दिवस और ईद वाले दिन ड्राई डे रहेगा यानि इस दिन दिल्ली में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। दिल्ली सरकार ने आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्व और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के उद्येश्य के तहत ये फैसला लिया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मुहर्रम (29 जुलाई) स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) जन्माष्टमी (7 सितंबर) और 28 सितंबर को ईद-ए-मिलाद पर शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए उत्पाद शुल्क विभाग के एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। बता दें कि दिल्ली सरकार हर तीन महीने में ड्राई डे घोषित करती है।
आपको बता दें कि ड्राई डे के दिन दिल्ली में शराब की बिक्री और सेवन बैन रहेगा। इन चार दिनों के साथ ही 2 अक्टूबर को भी गांधी जयंती के चलते ड्राई डे रहेगा। इसके अलावा गणेश चतुर्थी पर भी दिल्ली में ड्राई डे घोषित किया जा सकता है। पिछले साल दिल्ली के LG वीके सक्सेना ने छठ पूजा पर भी ड्राई डे घोषित किया था। हालांकि, इस साल अभी तक इस बारे में कोई घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग की तरफ से दिल्ली में शराब के दुकानों को इन चार खास दिनों के दौरान बंद ऱखने का एक प्रपोजल सीएम अरविंद केजरीवाल को भेजा गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।