COVID-19: कोरोना के बढ़ते मामलों पर बोले दिल्ली के सीएम केजरीवाल- सरकार किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 295 नए मामले सामने आए थे। राजधानी में कोरोना संक्रमण की दर 12.48 प्रतिशत है। दिल्ली में पिछले साल 31 अगस्त के बाद एक दिन में सबसे अधिक 300 मामले बुधवार को सामने आए थे और दो लोगों की मौत हुई थी

अपडेटेड Mar 31, 2023 पर 4:22 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सीएम ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है

कोरोना वायरस (COVID-19) के बढ़ते मामलों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली सरकार तैयार है। सीएम ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।

केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार-पांच दिन में संक्रमण से तीन मरीजों की मौत हुई और ये लोग पहले से ही किसी अत्यंत गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। उन्होंने कहा कि आकलन में पता चला है कि संक्रमित लोगों की मौत अन्य गंभीर बीमारियों के कारण हुई। उनकी मौत का मुख्य कारण कोविड नहीं था, लेकिन इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता।

सीएम ने कोविड संबंधी हालात पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से कहा कि चिंता करने की अभी कोई आवश्यकता नहीं है। शहर की सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कोविड-19 संबंधी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और वह किसी भी प्रकार की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।


उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन, बेड और एंबुलेंस उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार ने COVID-19 मरीजों के लिए 7,986 बेड आरक्षित किए हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 66 बेड भरे हुए हैं।

सीएम ने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे कोविड-19 मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में सभी वयस्कों को कोविड-19 वैक्सीन लगाया गया है। वैक्सीन की दूसरी डोज 18 साल से ऊपर के लगभग सभी लोगों को दी जा चुकी है।

दिल्ली में कोरोना केस

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 295 नए मामले सामने आए थे। राजधानी में कोरोना संक्रमण की दर 12.48 प्रतिशत है। दिल्ली में पिछले साल 31 अगस्त के बाद एक दिन में सबसे अधिक 300 मामले बुधवार को सामने आए थे और दो लोगों की मौत हुई थी। संक्रमण दर 13.89 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

देश में 3,095 नए मामले सामने आए

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,095 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,15,786 हो गई है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 15,208 पर पहुंच गई है।

ये भी पढ़ें- Coronavirus: फिर तेजी से फैलने लगा कोरोना! अक्टूबर के बाद लगातार दूसरे दिन तीन हजार से ज्यादा नए केस मिले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी अपडेट आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से गोवा और गुजरात में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतकों की संख्या बढ़कर 5,30,867 हो गई है। वहीं, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में तीन नाम और जोड़े हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।