निजी क्षेत्र की दिग्गज हाउसिंग फाइनेंस कंपनी बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (Bajaj Housing Finance Limited) ने अपना होम लोन (Home Loan) सस्ता कर दिया है। कंपनी अब 6.90 प्रतिशत की दर से होम लोन अपने कस्टमर को उपलब्ध कराएगी। बता दें कि कोरोना महामारी के इस मुश्किल दौर में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों के बाद अब बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (BHFL) ने भी होम लोन पर ब्याज दरों में कटौती का ऐलान किया है। बजाज फाइनेंस लिमिटेड (Bajaj Finance Limited) की इस सहयोगी कंपनी ने कहा है कि अब होम लोन की ब्याज दरें 6.90 फीसदी से शुरू होंगी। होम बायर्स बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड की वेबसाइट के माध्यम से 3.5 करोड़ रुपये तक के कर्ज के लिए आवेदन कर सकते हैं।
BHFL ने एक बयान में कहा कि ब्याज दरों में की गई कटौती से अब ग्राहकों को घर की लागत कम पड़ेगी। वहीं, उन्हें हर महीने कम EMI का भुगतान करना पड़ेगा, जिससे उनका मंथली बजट भी नहीं बिगड़ेगा। इसके अलावा होम लोन की अवधि समाप्त होने तक उन्हें ब्याज के तौर पर चुकाई रकम में भी बड़ा फायदा होगा। कंपनी ने कहा कि ब्याज दरों में होने वाली हर कटौती से लोन की लागत में सीधे-सीधे कमी आती है और ग्राहकों को इसका लाभ मिलता है। कंपनी ने बताया कि अलग-अलग कीमत के कर्ज पर ब्याज दर अलग रखी गई है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अगर किसी ने एक करोड़ रुपये का होम लोन 30 साल की अवधि के लिए 6.90 फीसदी की ब्याज दर पर लिया है तो उसे हर महीने 65,860 रुपये का भुगतान करना होगा। इस आधार पर होम लोन अवधि खत्म होने तक उसे कुल 1,37,09,606 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। वहीं, अगर कोई ग्राहक इतना ही होम लोन समान अवधि के लिए सात फीसदी की ब्याज दर पर लेता है तो उसे हर महीने 66,530 रुपये का पैमेंट करना होगा यानी आखिर तक वह 1,39,50,889 रुपये का भुगतान कर चुका होगा। बता दें कि बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, बजाज फाइनेंस लिमिटेड की 100 फीसदी सहायक कंपनी है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
