बांग्लादेश में फिर से भड़की आग, भारत सरकार अलर्ट, MEA ने भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में आरक्षण की चिंगारी अभी तक शांत नहीं हुई है। पूरा देश फिर से धधक उठा है। इस बीच भारत सरकार भी अलर्ट हो गई है। भारत के विदेश मंत्रायल ने भारतीय नागरिकों के लिए बांग्लादेश की यात्रा करने पर एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें लोगों को बांग्लादेश जाने पर ढाका स्थिति भारतीय उच्चायोग के साथ संपर्क में रहने के लिए कहा गया है

अपडेटेड Aug 05, 2024 पर 8:51 AM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हुई हिंसा की वजह से 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

पड़ोसी देश बांग्लादेश इस समय फिर हिंसा की भेंट चढ़ गया है। आरक्षण को लेकर देश में जो आग भड़की थी, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शांत हो गई थी। लेकिन अब फिर से पूरा बांग्लादेश धधक रहा है। हिंसात्मक घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में भारत सरकार भी अलर्ट हो गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय (Indian Ministry of External Affairs - MEA) ने भारतीय नागरिकों के लिए बांग्लादेश की यात्रा करने पर एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें लोगों से बांग्लादेश की यात्रा करने पर लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही कहा गया है कि बेहद जरूरी होने पर ही बांग्लादेश की यात्रा करें।

बांग्लादेश में प्रदर्शन कर रहे लोग देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। ऐसे में हिंसात्मक प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए हैं। वो नेता, पुल‍िस को ढूंढ-ढूंढकर हमला कर रहे हैं। सिराजगंज में प्रदर्शनकार‍ियों ने थाने पर हमला कर दिया। इसमें 13 पुलिसकर्मियों की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है।

भारत सरकार ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी


विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक बांग्लादेश की यात्रा न करने की सख्त सलाह दी गई है। वहीं बांग्लादेश में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को बेहद सावधानी बरतने, अपनी आवाजाही सीमित रखने और ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग (High Commission of India) के संपर्क में रहने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही इमरजेंसी फोन नंबर भी जारी किए गए हैं। MEA ने कहा कि बांग्लादेश में किसी भी मुसीबत में फंसने पर भारतीय लोग 8801958383679, 8801958383680, 8801937400591, नंबरों पर फोन कर सकते हैं। बता दें कि भारत सरकार बांग्लादेश में हो रहे घटनाक्रम पर अपनी बारीकी नजर बनाए हुए हैं।

ढाका समेत कई शहरों में कर्फ्यू

सरकार ने हिंसा पर काबू करने के लिए ढाका समेत कई शहरों में कर्फ्यू लगा दिया है। अगले 3 दिनों के लिए छुट्टी का ऐलान क‍िया गया है। राजधानी के अलावा कई शहरों में दुकानों और बैंकों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। सरकारी दफ्तरों में भी सन्‍नाटा पसरा हुआ है। छात्रों का नेतृत्‍व कर रहे नाह‍िद इस्‍लाम ने प्रधानमंत्री के इस्‍तीफा देने तक धरना जारी रखने का ऐलान क‍िया है।

देशभर में कम से कम 200 लोगों की मौत

बांग्लादेश में छात्र सरकारी नौकरियों के लिए कोटा सिस्टम को खत्म करने की मांग को लेकर एक महीने से अधिक समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों के इस आंदोलन में पहले भी हिंसा भड़क चुकी है। अब तक देश भर में कम से कम 200 लोगों की मौत हो चुकी है। विरोध-प्रदर्शनों का केंद्र राजधानी ढाका रहा है।

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा! 91 लोगों की मौत, देशभर में कर्फ्यू का ऐलान, सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बंद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।