Baramulla encounter: जम्मू-कश्मीर के बारामूला में मुठभेड़, दो आतंकी ढेर, 2 जवान भी घायल

Baramulla encounter: एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल पर दो शव देखे गए हैं, लेकिन अभी तक उन्हें बरामद नहीं किया जा सका है। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में दो सुरक्षाकर्मी एक पुलिसकर्मी और सेना का एक जवान घायल हो गए

अपडेटेड Jun 19, 2024 पर 4:57 PM
Story continues below Advertisement
Baramulla encounter: आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया

Baramulla encounter: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार (19 जून) को हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादियों के मारे गए, जबकि इस एनकाउंटर में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने बुधवार सुबह बारामूला जिले के वाटरगाम इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि मुठभेड़ स्थल पर दो शव देखे गए हैं, लेकिन अभी तक उन्हें बरामद नहीं किया जा सका है। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में दो सुरक्षाकर्मी एक पुलिसकर्मी और सेना का एक जवान घायल हो गए।

सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश के बांदीपोरा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद रविवार रात जिले के अरागाम इलाके में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि आतंकवादियों द्वारा सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी करने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई।


लश्कर का A ग्रेड का आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादी की पहचान उमर लोन के रूप में हुई है, जो लश्कर-ए-तैयबा संगठन का कैटेगरी A का आतंकवादी था। वह साल 2018 से कश्मीर में सक्रिय था। संबंधित सेक्टर के ब्रिगेडियर विपुल त्यागी ने मंगलवार को कहा कि उत्तरी कश्मीर जिले के अरागाम इलाके में आतंकवादियों की गतिविधि की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बल लगातार इलाके की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "कुछ विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर 16 जून रात को सेना, राज्य पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा बलों के एक घात दल ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकवादियों की मौजूदगी की पुष्टि के बाद दल ने कार्रवाई की और एक आतंकवादी को मार गिराया।"

ये भी पढ़ें- Delhi Excise Policy Case: अरविंद केजरीवाल को फिर झटका, न्यायिक हिरासत 3 जुलाई तक बढ़ी

ब्रिगेडियर त्यागी ने बताया कि मारा गया आतंकवादी बारामूला जिले के वुसन खोई इलाके का निवासी था। लोन लश्कर-ए-तैयबा/टीआरएफ का एक कैटेगरी A आतंकवादी था जो अप्रैल 2018 से सक्रिय था। टीआरएफ या 'द रेजिस्टेंस फ्रंट', लश्कर का ही हिस्सा है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों को गतिविधियों में उनकी संलिप्तता के आधार पर ए, बी या सी कैटेगरी में रखा जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।