Boris Johnson India Visit LIVE Updates: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) आज से दो दिवसीय भारत दौरा शुरू हो रहा है। वो गुजरात के अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल मौजूद थे। ब्रिटिश पीएम के लिए एक मेगा रोड शो का आयोजन किया गया है। उनके काफिले का स्वागत ढोल, बांसुरी और तालियों की गड़गड़ाहट से किया गया। गाड़ी में बैठे जॉनसन ने हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया।
यह पहली बार है जब ब्रिटेन के कोई प्रधानमंत्री भारत के पांचवें सबसे बड़े राज्य गुजरात का दौरा कर रहे। कहा जा रहा है कि जॉनसन ने काफी सोच-समझकर भारत के पांचवें सबसे बड़े राज्य गुजरात को चुना है। क्योंकि यह ब्रिटेन में बड़ी संख्या में रहने वाले ब्रिटिश-भारतीय आबादी का पैतृक घर होने के कारण भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है।
वीजा नियमों में देंगे ढील
ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने इस बात के संकेत दिए हैं कि वो भारत के साथ फ्री ट्रेड करार करने के लिए भारतीयों को ज्यादा वीजा जारी करने की सुविधा देने के लिए तैयार हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ऐसा होता है तो दोनों देशों के बीच होने वाले द्विपक्षीय कारोबार में सालाना आधार पर अरबों पाउंड की बढ़ोतरी हो सकती है। बता दें कि भारत ब्रिटेन में भारतीयों के रहने और काम करने के अधिक अवसर देने पर जोर देता रहा है। यह भी ध्यान देने की बात है कि अगर दोनों देशों के बीच कोई भी फ्री ट्रेड डील होती है तो इसके लिए इंग्लैंड जाने वाले भारतीय पेशेवर लोगों और छात्रों से जुड़े वीजा नियमों में ढील देना जरूरी होगा। ऐसा नहीं होने पर इस तरह की कोई डील सफल नहीं हो सकती।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोरिस जॉनसन आज निवेशक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कारोबारियों से बात करेंगे। वह साबरमती में गांधी आश्रम भी जा सकते हैं। कल यानी 22 अप्रैल 2022 को दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता यूके और भारत की रणनीतिक रक्षा, राजनयिक और आर्थिक साझेदारी पर चर्चा करेंगे। डाउन स्ट्रीट के मुताबिक, पीएम जॉनसन भारत में प्रमुख बड़े उद्योगों में निवेश की घोषणा कर सकते हैं। जिससे दोनों देशों में रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। कहा जा रहा है कि जॉनसन वडोदरा शहर के पास हलोल में JCB फैक्ट्री का भी दौरा करेंगे।
यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में चरखा चलाया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूद रहें।
बोरिस जॉनसन को साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी की शिष्या बनी मेडेलीन स्लेड उर्फ मीराबेन की आत्मकथा 'द स्पिरिट्स पिलग्रिमेज' और 'गाइड टू लंदन' पुस्तक उपहार में दी गई। मेडेलीन स्लेड ब्रिटिश रियर-एडमिरल सर एडमंड स्लेड की बेटी थीं।
दोनों देशों के बीच हो सकती है बिजनेस डील
बोरिस जॉनसन ने कहा कि हम भारत के अपने इस दौरे में दोनों देशों के बीच कारोबारी संबंधों और सुरक्षा के जुड़े मामलों में मजबूती लाने और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत करने पर ध्यान देंगे। हम Carbis Bay G7 summit में भारत की भागीदारी तय करने पर जोर देंगे। इस दौरे के दौरान इंग्लैंड और भारत के कारोबारियों के बीच करीब 1 अरब पाउंड के निवेश और एक्सपोर्ट की डील होने की संभावना है। यह डील सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग से लेकर स्वास्थ्य जैसे तमाम सेक्टरों से संबंधित हो सकते हैं। दोनों देशों में कारोबारी सहयोग बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल स्टार्टअप, डिजिलट हेल्थ समेत तमाम सेक्टर पर सहयोग के लिए जॉइंट फंड बनाए जाने का भी ऐलान हो सकता है। जिसमें दोनों देशों की सरकार का सपोर्ट हो सकता है।