Gujarat Morbi Cable Bridge Collapsed: 60 से ज्यादा लोगों की मौत, मरने वालों में ज्यादातर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग
Gujarat Morbi Cable bridge collapsed: गुजरात के पंचायत मंत्री बृजेश मेरजा ने कहा कि घटना में 60 लोगों की मृत्यु हुई है। बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री जल्द यहां पहुंच रहे हैं
Cable bridge collapsed: गुजरात के मोरबी में मच्छू नदी पर बना केबल ब्रिज ढहा
Gujarat Morbi Cable bridge collapsed: गुजरात (Gujarat) के मोरबी (Morbi) में मच्छू नदी (Machchhu River) पर बना प्रसिद्ध सस्पेंशन केबल ब्रिज (Suspension Cable Bridge) रविवार को अचानक ढह गया। इस पुल को इंजीनियरिंग का एक नायाब चमत्कार भी कहा जाता था।मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त पुल पर कई पर्यटक मौजूद थे और सभी नदी में गिर गए। अब तक 60 से ज्यादा शव बरामद हुए हैं।
घटना पर गुजरात CM भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) ने कहा कहा कि मोरबी में केबल ब्रिज गिरने की घटना दुखद है। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।
ANI के मुताबिक घटनास्थल पर मौजूद गुजरात के पंचायत मंत्री बृजेश मेरजा ने कहा कि घटना में 60 लोगों की मृत्यु हुई है। बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री जल्द यहां पहुंच रहे हैं।
राजकोट से बीजेपी सांसद मोहनभाई कल्याणजी कुंदरिया ने बताया, "60 से ज्यादा शव बरामद किए गए, जिनमें से ज्यादातर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग हैं। बाकी को बचा लिया गया है। NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। हम इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं, यह बहुत दुखद है।"
ANI के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं त्रासदी में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।" गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट कर कहा कि राज्य सरकार हर एक मृतक के परिवार को 4 लाख- 4 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और बाकी अधिकारियों से बात की। PMO के मुताबिक, उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने को कहा है। उन्होंने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने को भी कहा है।
वहां मौजूद कई लोगों ने घटना के वीडियो भी रिकॉर्ड किए हैं। वीडियो में कई लोग पुल के केबलों पर लटके हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि नदी में डूबे हिस्से में कई लोग कमर तक गहरे पानी में डूबे हुए हैं। कई लोगों को नदी में गिरे लोगों को बचाते भी देखा गया है।
#WATCH | Several people feared to be injured after a cable bridge collapsed in the Machchhu river in Gujarat's Morbi area today
PM Modi has sought urgent mobilisation of teams for rescue ops, while Gujarat CM Patel has given instructions to arrange immediate treatment of injured pic.twitter.com/VO8cvJk9TI — ANI (@ANI) October 30, 2022
मणि मंदिर के पास मच्छू नदी पर बने सस्पेंशन पुल को छह महीने तक रेनोवेशन के लिए बंद किए जाने के बाद पांच दिन पहले ही फिर से खोल दिया गया था। दो करोड़ रुपए की लागत से पुल का रेनोवेशन किया गया था।
अधिकारियों ने कहा कि हाल ही में रेनोवेट हुआ पुल इसलिए ढह गया, क्योंकि वो उस पर खड़े लोगों का भार सहन नहीं कर सका। News18 के मुताबिक, स्थानीय विधायक और राज्य मंत्री बृजेश मेरजा ने कहा, “पुल गिरने के कारण, कई लोग नदी में गिर गए। बचाव अभियान चलाया जा रहा है। कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। उन्हें अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।”
मौके पर पहुंच रही NDRF की टीम- अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने जानकारी दी कि NDRF घटनास्थल पर पहुंच रही है। उन्होंने ट्वीट किया, "मोरबी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस विषय में मैंने गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी व अन्य अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है। NDRF भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुंच रही है। प्रशासन को घायलों को तुरंत उपचार देने के निर्देश दिए हैं।"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने भी घटना पर चिंता जताई है। उनकी आम आदमी पार्टी ने राज्य में बढ़े ही जोर-शोर से चुनाव अभियान शुरू किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है। मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है। भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।"
गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है। मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है। भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूँ। — Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 30, 2022
इस पुल का उद्घाटन पहली बार 20 फरवरी, 1879 को मुंबई के गवर्नर रिचर्ड टेम्पल ने किया था। इसे 1880 में लगभग 3.5 लाख रुपए की लागत से पूरा किया गया था। इसका सारा सामान इंग्लैंड से आया था और इसे दरबारगढ़ को नजरबाग से जोड़ने के लिए बनाया गया था।
अब, यह लटकता हुआ कुंड महाप्रभुजी के आसन और पूरे समाकांठा क्षेत्र को जोड़ता है। यह सस्पेंशन ब्रिज 140 साल से भी ज्यादा पुराना है और इसकी लंबाई करीब 765 फीट है।