दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) मौत मामले में CBI (Central Bureau of Investigation) की पूछताछ में शामिल होने के लिए अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) के माता-पिता (Rhea Chakraborty Parents) मंगलवार को DRDO के गेस्ट हाउस पहुंचे। CBI इस मामले में पहली बार रिया के माता-पिता से पूछताछ कर रही है। वहीं, सुशांत के निधन से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने गोवा के होटल कारोबारी गौरव आर्या (Gaurav Arya) से मंगलवार भी अपनी पूछताछ जारी रखी।
रिया के माता-पिता से हुई पूछताछ
अधिकारी ने बताया कि रिया के पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती (Indrajit Chakraborty) और माता संध्या चक्रवर्ती (Sandhya Chakraborty) सुबह करीब 11 बजे उपनगर कलीना स्थित DRDO गेस्ट हाउस पहुंचे। उनकी कार के साथ पुलिस की एक गाड़ी भी था। CBI जांच दल इसी गेस्ट हाउस में ठहरा है। उन्होंने बताया कि अभिनेता के पिता ने पटना में जो FIR दर्ज कराई है, उसमें रिया और उनक माता-पिता का नाम भी शामिल है।
गौरव आर्या से ड्रग्स कनेक्शन को लेकर हुआ सवाल-जवाब
ED के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, गोवा में होटल टैमरिड और कैफे कोटिंगा के मालिक गौरव आर्या को एक बार फिर से वित्तीय जांच एजेंसी के समक्ष मंगलवार सुबह हाजिर होना पड़ा। इस दौरान, सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती संग उनके कथित चैट को लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ड्रग्स पर बातें करते नजर आ रहे हैं। अधिकारी ने यह भी बताया कि आर्या से रिया और उनके भाई शौविक संग हुए पैसे के लेनदेन पर भी सवाल पूछे गए।
गौरव के बयान Prevention of Money Laundering Act (PMLA) के तहत दर्ज किए जा रहे हैं। ED ने सोमवार को गौरव से पहली बार 7 घंटे से भी अधिक समय तक पूछताछ की। रविवार को आर्या ने दावा किया कि वो सुशांत से कभी नहीं मिले। साल 2017 में रिया से एक बार उनकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि सुशांत मामले से उनका कोई लेनादेना नहीं है।
CBI ने आज रिया को दी राहत
सुशांत केस में रिया चक्रवर्ती से आज CBI ने पूछताछ नहीं की। रिया चक्रवर्ती और उसके भाई शौविक चक्रवर्ती को हालांकि मंगलवार को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया। रिया से पिछले चार दिन में करीब 35 घंटे पूछताछ की गई है और उसके भाई से भी पिछले 5 दिन से पूछताछ हो रही है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में 14 जून को मृत पाए गए थे। दिवंगत अभिनेता के पिता ने बाद में पटना में पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाने और उनके पैसे का गबन करने का आरोप लगाया। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह सुशांत के पिता द्वारा पटना में रिया और अन्य के खिलाफ दर्ज कराई गई FIR को CBI को ट्रांसफर किए जाने के निर्णय को बरकरार रखा था।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
