Cold Wave: दिल्ली-NCR में आज ठंड से मिली राहत लेकिन बारिश से बिगड़ा मौसम का मिजाज, 14 जनवरी से फिर पारा गिरने की आशंका

Cold Wave Forecast: मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में दिल्ली में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। IMD की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 14 से 16 जनवरी के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है

अपडेटेड Jan 13, 2023 पर 11:48 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Cold Wave Forecast: 16 से 18 जनवरी के बीच ठंड का प्रकोप चरम पर रहने की आशंका है

Cold Wave Forecast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम, 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के अनुसार, अधिकतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के कुछ राज्यों में आज यानी 13 जनवरी को कड़ाके की ठंड और शीतलहर से थोड़ी राहत मिली है।

हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में दिल्ली में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। IMD की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 14 से 16 जनवरी के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों में कुछ इलाकों में 14-15 जनवरी से एक बार फिर शीतलहर चलने के आसार हैं। मौजूदा वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण तेज हवाएं चलने से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे से लोगों को राहत मिली, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घने कोहरे की परत छाई रही।


बारिश से बिगड़ा मौसम का मिजाज

हवाओं की रफ्तार तेज होने से दिल्‍ली-NCR में घने कोहरे से राहत मिली है। गुरुवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम का मिजाज बिगड़ गया। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आज भी बारिश के आसार बने हुए हैं। स्काईमेट के अनुसार, आज यानी 13 जनवरी को दिल्ली समेत पंजाब एवं हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। IMD ने 15 जनवरी के बाद शीतलहर की वापसी का अंदेशा जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय हवाओं में तेजी से बदलाव हो रहा है। यही वजह है कि प्रदूषण भी हवाओं के साथ उतार चढ़ाव वाला बना हुआ है।

IMD के अधिकारी ने बताया कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के पास पालम वेधशाला में विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, विजिबिलिटी जब शून्य से 50 मीटर के बीच रह जाती है तो उस समय ‘बहुत घना’ कोहरा होता है। वहीं, 51 से 200 मीटर के बीच विजिबिलिटी की स्थिति में ‘घना’, 201 से 500 मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच विजिबिलिटी की स्थिति में ‘हल्का’ कोहरा होता है।

ये भी पढ़ें- Ganga Vilas: दुनिया का सबसे लंबा लग्जरी क्रूज वाराणसी से रवाना, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, टिकट की कीमत जान उड़ जाएंगे होश

मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवाएं चलने से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे से लोगों को राहत मिलेगी। लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे की परत छाई रहेगी और ठंड में और अधिक बढ़ोतरी की आशंका है। IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में 3-9 जनवरी तक 5 दिनों तक लगातार शीतलहर का अनुभव किया गया। इन पांच दिनों के दौरान, न्यूनतम तापमान लगभग दो से चार डिग्री रहा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बीते 23 साल में तीसरा सबसे भीषण ठंड था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।