Delhi Cold Attack: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi Cold Wave) में सोमवार सुबह शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक जनवरी 2021 के बाद से इस महीने सबसे कम तापमान है। लोधी रोड पर स्थित मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड पर ही इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) का मुख्यालय स्थित है। कश्मीर की ठंड महसूस कर चुके लोग सोमवार सुबह जब ऑफिस के लिए निकले तो बोल पड़े कि दिल्ली में तो घाटी जैसी सर्दी आ गई है। लोगों ने बताया कि उनके हाथों-पैरों में गलन महसूस हो रही है।
IMD ने पहले दिल्ली में 17-18 जनवरी तक शीतलहर के लिए ओरेंज चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में 5 से 9 जनवरी तक भीषण शीतलहर चली जो एक दशक में इस महीने में प्रचंड शीतलहर की दूसरी सबसे लंबी अवधि रही।
अभी तक इस महीने 50 घंटे तक घना कोहरा दर्ज किया गया जो 2019 के बाद से सबसे अधिक है। मैदानी हिस्सों में शीतलहर की घोषणा तब की जाती है, जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। भीषण शीतलहर की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शीतलहर अगले दो दिन और परेशान करने वाली है। IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले तीन दिन तक सर्दी के सितम के दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है। साथ ही भयंकर शीतलहर चलेगी। कोहरे की मार के साथ लोगों को ठिठुरन झेलनी होगी।
IMD फोरकास्ट की मानें तो 16, 17 और 18 जनवरी को दिल्ली-NCR में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। जबकि 19, 20 और 21 जनवरी को घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान दिल्ली-NCR के मुख्य स्टेशनों पर तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी की मानें तो 17 जनवरी तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। IMD ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि राजस्थान, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में 17 जनवरी तक भयंकर शीतलहर पड़ने की आशंका है।
पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। IMD ने अपनी वेबसाइट में कहा है कि राजस्थान में थार रेगिस्तान के पास चुरू में मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पंजाब का फरीदकोट माइनस एक डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक ठंडे दिन की स्थिति दर्ज की गई। हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ठंडे दिन की स्थिति देखी गई।