Pfizer के COVID-19 वैक्सीन की एक खुराक की कीमत भारत में 10 डॉलर यानी लगभग 730 रुपए हो सकती है। विश्व स्तर पर किसी mRNA-बेस्ड वैक्सीन के लिए ये सबसे कम कीमत हो सकती है। बिजनेस स्टैंडर्ड ने सूत्रों के हवाले से कहा है, "ये एक सिंगल डिजिट की कीमत वाली वैक्सीन डोज होगी। ये सरकार के वैक्सीनेशन ड्राइव के लिए एक गैर-लाभकारी मूल्य है।" टू-शॉट वैक्सीन अमेरिकी फार्मा दिग्गज और उसके जर्मन पार्टनर बायोएनटेक द्वारा बनाई गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर देश में वैक्सीन 10 डॉलर से कम आती है, तो इसकी ये कीमत अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और यूरोपीय संघ जैसे विकसित बाजारों की कीमत से लगभग आधी होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, फाइजर COVID वैक्सीन की कीमत अमेरिका में 19.5 डॉलर यानी 1,423 रुपए प्रति खुराक है। UK में इसकी कीमत करीब 21 डॉलर यानी 1,532 रुपए है। यूरोपीय संघ में, पहले कीमत लगभग 18.9 डॉलर प्रति खुराक थी, लेकिन 23.2 डॉलर यानी 1,693 रुपए की ज्यादा कीमत के लिए बातचीत चल रही है।
फाइजर अपनी कोरोनावायरस वैक्सीन की सप्लाई के लिए भारत सरकार के साथ बातचीत कर रहा है।
फाइजर के एक प्रवक्ता ने कहा, "फाइजर ने अपनी COVID-19 वैक्सीन की जरूरी खुराक भारत के लिए गैर-लाभकारी मूल्य पर उपलब्ध कराने का ऑफर दिया है। वर्तमान में, चूंकि भारत सरकार के साथ हमारी चर्चा चल रही है और वो सीक्रेट है, इसलिए हम ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते हैं।"