COVID-19: कोरोना का कहर फिर से शुरू हो गया है। दुनिया के कई देश फिर से कोरोना की मार झेल रहे हैं। इस बीच भारत सरकार भी कोरोना के प्रति चौकन्ना हो गई है। राज्य सरकारों को कोरोना से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद कर्नाटक सरकार भी अलर्ट हो चुकी है। कोरोना संकट के बीच नए साल के जश्न को लेकर कर्नाटक सरकार ने गाइडलाइन जारी कर दी है। गाइडलाइंस के मुताबिक, रात 1 बजे तक ही नए साल का जश्न मना सकते हैं। इसके अलावा अब राज्य में कई जगहों पर मास्क पहनना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने गाइडलाइंस जारी करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। बस सावधानी बरतने की जरूरत है। राज्य में चीन से आया हुआ एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना जरूरी
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मूवी थिएटर, स्कूल और कॉलेजों के अंदर मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा पब, रेस्टोरेंट और बार में नए साल का जश्न मनाने के लिए मास्क अनिवार्य होगा। नए साल का जश्न रात 1 बजे से पहले खत्म हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इससे पहले कर्नाटक के सीएम बोम्मई ने हुबली में कहा कि बूस्टर खुराक देने के लिए तहसील और जिला स्तर पर बड़े पैमाने पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। मास्क पहनना, दूरी बनाए रखना और अन्य प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। इस बीच उत्तर प्रदेश में भी कोरोना की नई लहर की आशंका को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
उत्तर प्रदेश में मास्क पहनने की सलाह
उत्तर प्रदेश में भी प्रशासन ने सभी अस्पतालों में मॉक ड्रिल की तैयारियों का जायजा लिया। देश भर के अस्पतालों में 27 दिसंबर को कोरोना मॉक ड्रिल किया जाना है। उन्नाव और और आगरा में कोरोना के 2 नए मामले सामने आने से प्रशासन सतर्क हो गया है। सरकार ने आदेश दिए हैं कि अस्पतालों में मास्क जरूर लगाएं। हालांकि सार्वजनिक स्थानों पर भी मास्क अनिवार्य नहीं किया गया है। लेकिन मास्क लगाने की सलाह जरूर दी गई है।
देश में एक दिन में 196 नए केस मिले
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 196 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। एक्टिव केस 3,428 हो गए है। कोविड मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4.46 करोड़ (4,46,77,302) पहुंच गई है।