ICC World Cup 2023: टीम इंडिया के वर्ल्ड कप अभियान को बड़ा झटका लगा है। भारतीय क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान टखने में लगी चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप का अगला मैच नहीं खेल सकेंगे। पंड्या 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अहम मैच से बाहर हो गए हैं। ऐसे में उनकी जगह भर पाना कप्तान रोहित शर्मा के लिए काफी मुश्किल होगा। बता दें कि जीत के रथ पर सवार टीम इंडिया ने बांग्लादेश को गुरुवार रात 7 विकेट से हराते हुए वर्ल्ड कप में लगातार चौथी विजय गाथा लिखी। इस जीत के साथ भारतीय टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना भी लगभग तय माना जा रहा है।
बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए अहम मुकाबले में 9वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या का बाएं पैर का टखना मुड़ गया था, जिसके बाद वह काफी दर्द में नजर आए थे। चोट की वजह से हार्दिक को क्रिकेट मैदान से बाहर जाना पड़ा था और वह दोबारा फील्ड पर नहीं लौट सके। पुणे में लगी चोट के बाद हार्दिक का स्कैन कराया गया। वह रिकवरी के लिए बेंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी जा रहे हैं।
BCCI ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, "टीम इंडिया के उप-कप्तान हार्दिक पंड्या को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के मैच के दौरान बाएं टखने में चोट लग गई। ऑलराउंडर को स्कैन के लिए ले जाया गया और उन्हें आराम की सलाह दी गई है। वह BCCI की मेडिकल टीम की लगातार निगरानी में रहेंगे। वह 20 अक्टूबर को टीम के साथ धर्मशाला के लिए उड़ान नहीं भरेंगे। अब वह सीधे लखनऊ में टीम से जुड़ेंगे जहां भारतीय टीम इंग्लैंड से खेलेगी।''
सूत्रों की मानें तो शानदा फॉर्म में चल रहे केएल राहुल न्यूजीलैंड मैच में टीम इंडिया के उपकप्तान होंगे। रोहित शर्मा और पंड्या की अनुपस्थिति में राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में टीम की कमान संभाली थी। भारत के धर्मशाला और लखनऊ मैच के बीच लंबा गैप है, जो 29 अक्टूबर को होना है।
ये भी पढ़ें- MP Election 2023: लोकसभा चुनाव से पहले I.N.D.I.A. गठबंधन में दरार! कमलनाथ-अखिलेश के बयान से हलचल तेज
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों को एक छोटा ब्रेक मिलेगा। इसके बाद फिर सभी 26 अक्टूबर को लखनऊ में इकट्ठा होंगे। हार्दिक टीम को एक महत्वपूर्ण संतुलन प्रदान करते हैं । हार्दिक की उपस्थिति में भारत के पास छह गेंदबाजी विकल्प हैं। सूर्यकुमार यादव या ईशान किशन में से किसी एक को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की संभावना है।