दुनिया भर में कच्चे तेल के दाम में कमी आई है। लेकिन सरकार ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की एक्साइज ड्यूटी में 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा कर दिया। घरेलू बाजार में जिस कीमत पर हम पेट्रोल-डीजल खरीदते हैं उसमें एक्साइज ड्यूटी के साथ वैट और डीलर का कमीशन भी शामिल होता है।
ग्लोबल मार्केट में जब क्रूड के प्राइस में कमी आती है तो कई बार सरकार इस मौके का फायदा उठाते हुए सरकारी खजाना भरती है। यानी अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत का फायदा ग्राहकों को ना देकर कंपनियों को देना और सरकारी खजाना भरना है।
सरकार की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, पेट्रोल पर स्पेशल एक्साइज ड्यूटी लगाने से पेट्रोल 2 रुपए से लेकर 8 रुपए और डीजल 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो सकता है।
शनिवार को पेट्रोल-डीजल के रेट
शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी आई है। आप सोच रहे हैं कि अगर सरकार ने एक्साइज ड्यूटी बढ़ाया है तो दाम क्यों कम हुए हैं। इसकी वजह है कि इंडियन ऑयल जैसी मार्केटिंग कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे डीजल-पेट्रोल के रेट नोटिफाई करती हैं। यानी उस दिन के पेट्रोल-डीजल का भाव सुबह 6 बजे तय होता है। जबकि एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का फैसला बाद में आया है, इसलिए आज बढ़ी हुई कीमतें नहीं हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर दिन पेट्रोल-डीजल के रेट तय करती हैं।
आज आपके शहर में क्या है रेट?
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में एक लीटर पेट्रोल पर 13 पैसे की कटौती की गई है। वहीं चेन्नई में प्रति लीटर 14 पैसे कम किए गए हैं। डीजल दिल्ली में 31 पैसा प्रति लीटर कम हुआ है। कोलकाता में 16 पैसे और चेन्नई में 17 पैसे प्रति लीटर घटा है।
दिल्ली में पेट्रोल आज 69.87 रुपए प्रति लीटर के भाव से मिलेगा। जबकि कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में इसका दाम 72.57 रुपए प्रति लीटर है। डीजल की बात करें तो दिल्ली में डीजल का रेट 62.58 रुपए प्रति लीटर है। कोलकाता में यह 64.91 रुपए, मुंबई में 65.51 रुपए और चेन्नई में 66.02 रुपए प्रति लीटर है।