प्रवर्तन निदेशालय (ED) दिल्ली आबकारी नीति मामले में छापेमारी कर रही है। न्यूज एजेंसी ANI के सूत्रों के हवाले से खबर है कि हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई समेत कई शहरों में छापेमारी चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली शराब नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) जांच में ED करीब 40 जगहों पर छापेमारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि नेल्लोर और आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और दिल्ली-NCR के कुछ दूसरे शहरों में शराब बिजनेसमैन, डिस्ट्रिब्यूटर और सप्लाई चेन नेटवर्क से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली जा रही है।
देश भर में करीब 45 जगहों पर छह सितंबर को पहली बार छापेमारी करने के बाद इस मामले में केंद्रीय एजेंसी की ये दूसरी छापेमारी है।
आबकारी नीति में CBI की FIR के बाद ED ने केस दर्ज किया था। इसमें दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और कुछ नौकरशाहों को आरोपी बनाया गया है। हालांकि, आबकारी नीति को अब वापस ले लिया गया है।
सिसोदिया के पास अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में एक्साइज और शिक्षा समेत कई विभाग हैं।
ईडी इस बात की जांच कर रही है कि क्या पिछले साल नवंबर में लाई गई दिल्ली आबकारी नीति को बनाने और लागू करने में कथित अनियमितताएं की गई थीं। साथ ही क्या आरोपियों ने गलत तरीके से कुछ पैसे कमाए थे।
स्थानीय अदालत से अनुमति मिलने के बाद एजेंसी इस मामले में शुक्रवार को तिहाड़ जेल में AAP नेता और मंत्री सत्येंद्र जैन से भी पूछताछ कर सकती है।
'CBI ED कर रही सबको पेरशान'
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि CBI और ED ‘‘अनावश्यक रूप से हर किसी को परेशान कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि देश इस तरह प्रगति नहीं कर सकता है।
केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उपराज्यपाल, CBI और BJP ने कथित शराब घोटाले में अलग-अलग रकम बताई है, लेकिन उन्हें अब भी समझ नहीं आया कि शराब घोटाला क्या है।
उनका यह बयान तब आया है, जब ED ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं की धन शोधन की जांच के तौर पर देशभर में करीब 40 स्थानों पर छापे मारे हैं।