Delhi Floods: आईटीओ और राजघाट में घुसा यमुना नदी का पानी, सीएम केजरीवाल ने सेना और NDRF से मांगी मदद

Delhi Floods: दिल्ली में शुक्रवार को यमुना के जलस्तर में मामूली कमी आई, लेकिन अभी भी राजधानी की सड़कों पर सैलाब है। इंद्रप्रस्थ के पास दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण ITO और राजघाट के इलाके शुक्रवार को जलमग्न हो गए जिससे हालात और बदतर हो गए हैं। बाढ़ का पानी मध्य दिल्ली के तिलक मार्ग इलाके में स्थित सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच गया है

अपडेटेड Jul 14, 2023 पर 12:34 PM
Delhi Floods: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में तुरंत सेना और NDRF की टीम को उतारने की मांग की है

Delhi Floods: दिल्ली में शुक्रवार को यमुना के जलस्तर में मामूली कमी आई, लेकिन अभी भी राजधानी की सड़कों पर सैलाब है। इंद्रप्रस्थ के पास दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण ITO और राजघाट के इलाके शुक्रवार को जलमग्न हो गए जिससे हालात और बदतर हो गए हैं। बाढ़ का पानी मध्य दिल्ली के तिलक मार्ग इलाके में स्थित सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच गया है। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने मुख्य सचिव को रेगुलेटर को क्षति पहुंचने के मामले पर प्राथमिकता के आधार पर गौर करने और समस्या को हल करने का निर्देश दिया है।

इस रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण यमुना नदी का पानी शहर के इलाकों में घुसा। सुबह आठ बजे यमुना का जल स्तर 208.42 मीटर था। आईटीओ और राजघाट के इलाकों में बाढ़ आने के कारण प्राधिकारियों को ट्रैफिक की आवाजाही पर पाबंदियां लगानी पड़ी।

इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में तुरंत सेना और NDRF की टीम को उतारने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट किया, "यमुना का पानी शहर में आ गया। इस वजह से आईटीओ और आसपास बाढ़ आ गई। मैंने मुख्य सचिव को सेना और एनडीआरएफ की मदद लेने के लिए निर्देश दिया है।


दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया, "डब्ल्यूएचओ इमारत के समीप नाले में क्षमता से अधिक पानी बहने के कारण आईपी फ्लाईओवर की ओर सराय काले खां से महात्मा गांधी मार्ग पर वाहनों की कोई आवाजाही नहीं होगी। यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी जाती है।"

पूर्वी दिल्ली को लुटियंस दिल्ली से जोड़ने वाले अहम रूट आईटीओ रोड पर जलभराव के कारण यात्रियों को काफी समस्याएं हुईं। अपने कार्यालय और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे लोगों को इस मार्ग से गुजरते वक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

रेलवे अंडर ब्रिज के समीप नाले में क्षमता से अधिक पानी बहने के कारण भैरों रोड को भी ट्रैफिक की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। कुछ लोगों को आईटीओ के जलभराव वाले हिस्से में अपने वाहनों को खींचकर ले जाते हुए देखा गया।

नोएडा की ओर जाने वाले एक यात्री ने कहा कि अब तक हमें लग रहा था कि बाढ़ का पानी केवल निचले इलाकों में घुस रहा है लेकिन अब खतरा नजदीक लग रहा है. क्योंकि अब दिल्ली के मुख्य हिस्से में भी बाढ़ आ गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।