Delhi Weather: घने कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-NCR, 110 उड़ानें और 25 ट्रेनें प्रभावित, विजिबिलिटी हुई शून्य

Delhi Weather: सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में विजिबिलिटी करीब 50 मीटर रहने के बीच मौसम विभाग ने सुबह 8 बजे ऑरेंज अलर्ट जारी किया। दिल्ली एयरपोर्ट पर 110 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं। उत्तर रेलवे ने कहा कि दिल्ली की ओर जाने वाली 25 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

अपडेटेड Dec 27, 2023 पर 12:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi-NCR Weather: कोहरे के कारण रेलगाड़ियां अपने निर्धारित वक्त से देरी से चल रही हैं (Photo- REUTERS)

Delhi-NCR Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित पूरे NCR में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी कम रही, जिससे हवाई एवं रेल सेवाएं प्रभावित हुई। सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में विजिबिलिटी करीब 50 मीटर रहने के बीच मौसम विभाग ने सुबह 8 बजे ऑरेंज अलर्ट जारी किया। दिल्ली एयरपोर्ट पर 110 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं। शीतलहर की स्थिति जारी रहने के कारण मौसम कार्यालय ने राष्ट्रीय राजधानी में "बहुत घने कोहरे" को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर रेलवे ने कहा कि दिल्ली की ओर जाने वाली 25 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे के कारण रेलगाड़ियां अपने निर्धारित वक्त से देरी से चल रही हैं। उड़ानों के परिचालन में भी विलंब हो सकता है या उड़ानें रद्द हो सकती हैं। इस बीच एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर दो उड़ानों के रूट परिवर्तित किए गए। अधिकारी ने बताया कि सुबह 9 बजे और सवा 9 बजे के बीच उड़ानों को जयपुर की ओर मोड़ा गया।

उपग्रह से प्राप्त सुबह 5.15 बजे की तस्वीरों से पता चलता है कि राष्ट्रीय राजधानी में घने से बेहद घने कोहरे की स्थिति रही। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। वहीं पालम में यह 125 मीटर रही। कोहरे के कारण दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर आने वाली लगभग 25 रेलगाड़ियां देरी से चल रही है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार 11बजे स्थिति में सुधार हो सकता है।


स्काईमेट के अधिकारी महेश पलावत ने X पर अपने पोस्ट में कहा, "दिल्ली-एनसीआर में बेहद घना कोहरा। कई जगहों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य है। सुबह 7:30 बजे पालम में विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। सावधानी बरतें और सावधानी से वाहन चलाएं। सुबह 11 बजे के बाद सुधार की उम्मीद है।"

ये भी पढ़ें- 14 जनवरी से 'भारत न्याय यात्रा' शुरू करेंगे राहुल गांधी, मणिपुर से मुंबई तक होगी यात्रा

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, "उड़ानों में देरी हो सकती है या इन्हें रद्द भी किया जा सकता है। घने कोहरे का असर आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में रेल, सड़क, हवाई यातायात पर पड़ सकता है।" एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 383 रहा जो 'बहुत खराब' कैटेगरी में आता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।