दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज (28 जून 2024) एक बड़ा हादसा हो गया है। भारी बारिश की वजह से टर्मिनल 1 की छत का ऊपरी हिस्सा चानक गिर गया। इसकी वजह से वहां खड़ी कई गाड़ियां चपेट में आ गईं। मौके पर पुलिस के अलावा फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई है। इस हादसे में 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंच चुकी हैं। कई उड़ानें देरी से चल रही हैं।
दिल्ली फायर ब्रिगेड की टीम का कहना है कि भारी बारिश की वजह से यह हादसा हुआ है। छत गिरने की यह सुबह 5:30 बजे हुई। वहीं यात्रियों ने बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। इस घटना से टैक्सी समेत कई वाहन छत के नीचे दब गए हैं। जिन्हें निकालने का काम शुरू कर दिया गया है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु. (Ram Mohan Naidu Kinjarapu) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल वन की छत गिरने की घटना की निगरानी कर रहा हूं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। इसके साथ ही एयरलाइनों को टी1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी गई है। घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है। इस हादसे की तस्वीरें भी सामने आई हैं। जिनमें टर्मिनल की भारी भरकम छत वाहनों के ऊपर गिरी हुई है। वहीं कार में बैठे लोग भी इससे दब गए हैं। उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया है।
दिल्ली में आज सुबह मौसम ने करवट ली तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। नोएडा और इससे सटे इलाकों में करीब एक घंटे से ज्यादा भारी बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं इस जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया है। जिससे लोगों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।