Delhi Israel Embassy Blast: नई दिल्ली में इजराइली दूतावास के पास मंगलवार (26 दिसंबर 2023) को बम धमाके की खबर सामने आई है। ये ब्लास्ट दूतावास के ठीक पीछे खाली पड़े प्लॉट में हुआ था। हालांकि, इस ब्लास्ट में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन पुलिस को धमाके वाली जगह के आसपास एक पत्र मिला है। इसके साथ एक झंडा भी बरामद किया गया है। एक पेज की इस पत्र में इजराइल को लेकर काफी गुस्सा जाहिर किया गया है। दिल्ली पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगाले गए हैं।
पत्र में ‘जिहाद जारी रहेगा’ लिखा गया है। इसके अलावा ‘अल्लाह हू अकबर’ के साथ एक ग्रुप का जिक्र भी किया गया है। पत्र से साफ लगता है कि यह विस्फोट हमास पर इजराइल की कार्यवाही को लेकर क्रोध में किया गया है। वहीं दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस और सुरक्षा दल इस धमाके की जांच कर रहे हैं।
6 बजे फायर डिपार्टमेंट को आया कॉल
दरअसल 26 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे दिल्ली के फायर सर्विस डिपार्टमेंट को एक अज्ञात कॉलर ने अधिकारियों को विस्फोट की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस की स्पेशल सेल की टीम बम निरोधक दस्ते के साथ घटनास्थल पर निरीक्षण के लिए पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की की स्पेशल सेल जांच कर रही है। अग्निशमन विभाग ने तुरंत दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजी। विस्फोट के बाद राष्ट्रीय राजधानी में हाई-अलर्ट भी घोषित कर दिया गया है। यह घटना गणतंत्र दिवस उत्सव सप्ताह के दौरान इजरायली दूतावास के आसपास हुए विस्फोट के लगभग तीन साल बाद हुई है। जिसके कारण APJ अब्दुल कलाम रोड पर स्थित दूतावास के आसपास सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज की जांच में दो संदिग्ध नजर आए हैं। इनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। लिहाजा इनकी जानकारी ट्रैस की जा रही है। जल्द ही पता लगा लिया जाएगा। पुलिस आसपास के CCTV की जांच कर रही है ताकि दोनों संदिग्ध किस तरह और किस रूट से वहां तक आए, यह पता लगाया जा सके। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा है कि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच की है। सूबतों को एकत्र किया गा है। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। इसके पीछे बड़ी साजिश से इनकार नहीं किया है। स्पेशल सेल इसे मामूली घटना के तौर पर नहीं देख रही है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इजराइली दूतावास की सुरक्षा पहले से ही कड़ी रहती है। इजराइल इंटेलिजेंस एजेंसियों के साथ सिक्योरिटी रिव्यू होता है। फिलहाल भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की तीन लेयर सिक्योरिटी राउंड द क्लॉक दी जाती है। जिसमें दिल्ली पुलिस, दूसरी लेयर में CISF, तीसरी लेयर में कमांडो होते हैं। इसके बाद दूतावास परिसर और अंदर की सुरक्षा इजराइल की अपनी टॉप टेक्नोलॉजी वाली होती है। आसपास का पूरा इलाका डे नाइट विजन CCTV कैमरों से लैस होता है।
दूतावास के पास 2021 में हुआ था धमाका
बता दें कि जनवरी 2021 में इजराइली दूतावास के पास एक कम तीव्रता का विस्फोट हुआ था। दिल्ली पुलिस की एक टीम को घटनास्थल पर इजराइली दूतावास के राजदूत को संबोधित एक पत्र भी मिला था। उस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से लेकर NIA को सौंप दी गई, जिसे अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।