Delhi-NCR AQI: देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण (Delhi Air pollution) का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आज (16 नवंबर 2023) को भी लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली। हवा न चलने की वजह से दिल्ली का तापमान लगातार कम होता जा रहा है। एक दिन में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान गिरकर 10.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसका सीधा नतीजा यह है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर कम होने के बजाय बढ़ने के संकेत ज्यादा हैं। एक्सपर्ट के अनुसार दिवाली के बाद से AQI सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा है। यह भी एक वजह है कि AQI गंभीर स्तर के आसपास ही दर्ज हो रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक दिल्ली में हवा की गुणवत्ता (Delhi air quality Updates) गंभीर श्रेणी में है। पिछले 24 घंटों के दौरान नई दिल्ली में PM2.5 सांद्रता है। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानक से 20.7 गुना अधिक है।
गुरुवार (16 नवंबर2023) सुबह 6 बजे के करीब दिल्ली के पूठ खुर्द में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 495, मुंडका में 461, कालका जी में 457, डीआईटी में 456, अलीपुर में 450, बवाना में 434, आरके पुरम में 431, गाजीपुर में 417, आईपी एक्सटेंसन में 421 दर्ज किया गया। वहीं अगर दिल्ली-NCR की बात करें तो गाजियाबाद AQI 378, गुरुग्राम में 297, ग्रेटर नोएडा में 338, नोएडा में 360, और फरीदाबाद में 390 दर्ज किया गया। बता दें कि शून्य से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’, 401 से 450 के बीच ‘गंभीर’ और 450 से ऊपर ‘अत्यधिक गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली- NCR में अब ठंड की दस्तक शुरू हो गई है। पूरे NCR में आज हल्का कोहरा देखा जा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के मुताबिक आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान (Minimum temperatures) 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान (Maximum temperatures) 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय ओडिशा, तटीय गंगीय पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने और आंधी के साथ भारी बारिश (Heavy Rainfall) हो सकती है।